साउथ के सुपरस्टार रहे विजय, जिन्हें थलपति विजय के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर चर्चा में हैं. खबर है कि तमिलागा वेट्री कजम नाम की पार्टी के मुखिया विजय की पत्नी संगीता ने उनसे तलाक लेने का फैसला लिया है. उन्होंने तलाक की अर्जी कोर्ट में डाल दी है.
जानकारी के मुताबिक, विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने विशेष विवाह अधिनियम 1954 की धारा 27(1)(a) के तहत तलाक की अर्जी दायर की है. विशेष विवाह अधिनियम 1954 की धारा 27(1)(a) के अनुसार, पति या पत्नी में से कोई भी जिला न्यायालय में तलाक के लिए याचिका प्रस्तुत कर सकता है. इसका आधार प्रतिवादी की शादी के बाद अपनी पत्नी या पति के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के साथ स्वेच्छा से सेक्शुअल रिश्ता रखना है. यह एडल्टरी पर आधारित तलाक का आधार है. यह प्रावधान दोनों पक्षों, पति या पत्नी के लिए समान रूप से लागू होता है और याचिका अधिनियम के अन्य प्रावधानों और नियमों के अधीन रहकर दायर की जाती है.
27 साल बाद टूट रहा रिश्ता
संगीता, श्रीलंकन तमिल महिला हैं. उनका जन्म यूके में हुआ था, वहीं उनकी परवरिश भी हुई. संगीता और विजय ने 25 अगस्त 1999 में शादी की थी. दोनों के दो बच्चे हैं. एक बेटा संजय, जिसे Vettaikaaran नाम की फिल्म में पिता विजय के साथ देखा गया था. और एक बेटी दिव्या है, जिसे पिता विजय की फिल्म Theri में देखा गया था. विजय ने हमेशा अपनी पर्सनल लाइफ को लाइमलाइट से दूर रखा है. संगीता भी कैमरा की नजरों से दूर रहना पसंद करती हैं.
साल 2014 में विजय ने अपनी राजनैतिक पार्टी तमिलागा वेट्री कजम यानी TVK को लॉन्च किया था. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले विजय ने एक्टिंग की दुनिया को अलविदा कहने का फैसला किया था. उन्होंने ऐलान किया था कि वो एक्टिंग से रिटायरमेंट ले रहे हैं और आगे चलकर जनता की सेवा एक राजनेता के रूप में करना चाहते हैं. इस बड़े फैसले को उन्होंने अपनी फिल्म 'जन नायगन' के ऑडियो लॉन्च पर फैंस संग शेयर किया था. ऐसे में उनकी इस पिक्चर को लेकर चर्चा और दर्शकों की बेसब्री और बढ़ गई थी. हालांकि इसे अभी तक रिलीज होने का मौका नहीं मिला है. पिक्चर कानूनी पचड़े में फंसी हुई है.
प्रमोद माधव