'पहले लगा टायर फटा, फिर सीने में उठा तेज दर्द... रुकी सांस', टाइगर की गाड़ी के पास खड़े थे उमेश, जब लगी गोली

Tiger Shroff Firing Case: उमेश चव्हाण ने बताया कि गोली लगने पर उन्हें हार्ट अटैक का शक हुआ था. जानिए कैसे अचानक सीने में दर्द उठा और उन्होंने क्या बताया.

Advertisement
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में घायल उमेश का दर्दनाक बयान (Photo: Screengrabs) टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में घायल उमेश का दर्दनाक बयान (Photo: Screengrabs)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:35 AM IST

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़े मुंबई के जुहू फायरिंग मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. इस घटना में घायल हुए उमेश चव्हाण ने उस खौफनाक पल को याद किया है, जब अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उन्हें लगा कि शायद उन्हें हार्ट अटैक आ रहा है. उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि उन्हें गोली लग चुकी है. वहीं, मामले की शुरुआती जांच में यह भी दावा किया जा रहा है कि आरोपियों का असली निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि बॉलीवुड का कोई दूसरा सेलिब्रिटी था.

Advertisement

'मुझे लगा टायर फटा है', फिर अचानक सीने में उठने लगा तेज दर्द

उमेश चव्हाण के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ खेलकर वहां से निकल रहे थे. वह एक्टर की कार की खिड़की के पास खड़े थे और गेट से बाहर निकलती कार का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे. तभी अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी.

चव्हाण ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि शायद कार का टायर फट गया है. लेकिन अगले ही पल उनके सीने में तेज दर्द उठने लगा. दर्द इतना ज्यादा था कि उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी.

'कोई मेरा सीना दबाओ, मुझे सांस नहीं आ रही'

चव्हाण ने उस वक्त की हालत बताते हुए कहा कि वह मदद के लिए चिल्लाने लगे. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उनके साथ क्या हो रहा है. उन्होंने बताया कि वह कह रहे थे- यार, मेरे सीने में दर्द हो रहा है. कोई प्लीज मेरा सीना दबाओ, मुझे सांस नहीं आ रही है.

Advertisement

उमेश को उस वक्त यही लगा कि उन्हें हार्ट अटैक आया है. उन्हें बिल्कुल पता नहीं था कि गोली उनके शरीर में लगी है. जब उन्हें कूपर अस्पताल ले जाया गया, तब जाकर उन्हें मालूम हुआ कि वह गोली लगने से घायल हुए हैं. शुरुआती जांच के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया.

उमेश पेशे से ऑटो ड्राइवर हैं, वह उस वक्त वहां पर टाइगर श्रॉफ संग फोटो खिंचवाने के लिए मौजूद थे. उमेश बता चुके हैं कि अस्पताल में भर्ती रहने से उन्हें आर्थिक तौर पर काफी दिक्कतें आ रही हैं. उनकी पत्नी प्रेग्नेंट हैं और घर में एक छोटा बच्चा भी है, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है. उमेश दो नौकरियां कर अपना घर चलाते हैं. इस हादसे ने उन्हें चिंता में डाल दिया है कि परिवार और खर्च को कैसे संभालेंगे. 

टाइगर श्रॉफ ही क्यों बने निशाना? जांच में सामने आया चौंकाने वाला दावा

इस मामले में मुंबई पुलिस की जांच जारी है. इसी बीच आरोपियों से शुरुआती पूछताछ के दौरान एक और बड़ा खुलासा होने की खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांचकर्ताओं को शक है कि आरोपियों का पहला निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि बॉलीवुड की कोई दूसरी बड़ी हस्ती थी.

Advertisement

बताया जा रहा है कि आरोपी अपने कथित टारगेट तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने टाइगर श्रॉफ के फैंस की इंस्टाग्राम रील्स के जरिए यह जानकारी जुटाई कि एक्टर के साथ पुलिस सुरक्षा नहीं रहती. इसके बाद उन्होंने टाइगर को निशाना बनाने का फैसला किया.

इंस्टाग्राम पोस्ट और रील्स से रखते थे टाइगर की हर गतिविधि पर नजर?

रिपोर्ट्स के अनुसार, जांचकर्ताओं को यह भी शक है कि आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों और आने-जाने की जानकारी जुटाने के लिए उनके इंस्टाग्राम अकाउंट और फैंस के सोशल मीडिया पोस्ट व वीडियो का इस्तेमाल किया था.

आरोप है कि उन्होंने हमले से पहले इन वीडियो और पोस्ट के जरिए रेकी की. जांच में यह भी सामने आने की बात कही जा रही है कि आरोपियों का मकसद टाइगर श्रॉफ की हत्या कर बॉलीवुड इंडस्ट्री में डर का माहौल पैदा करना था.

हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि और मामले की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल, जुहू फायरिंग केस में पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. उमेश चव्हाण की आपबीती से अंदाजा लगाया जा सकता है कि गोलीबारी के उस पल में वहां मौजूद लोगों के बीच कितनी दहशत और अफरा-तफरी मच गई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »