Tiger Shroff Firing Case LIVE: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई पुलिस रवाना हो गई है. आरोपियों को कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने से कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया. इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि आरोपियों को सुरक्षित तरीके से वहां से ले जाया जा सके.
तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाने के दौरान कोटा पुलिस बड़ी तादाद में मौजूद रही. टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है. अब मुंबई पहुंचने के बाद आरोपियों से पूछताछ में घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं और कथित साजिश को लेकर अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
सुबह मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश होंगे आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों को लेकर मुंबई पुलिस सड़क मार्ग से मुंबई पहुंच रही है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस रात करीब 2 बजे आरोपियों के साथ मुंबई पहुंचेगी. इसके बाद कल सुबह आरोपियों का मेडिकल कराया जाएगा और फिर उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल कर रही है.
अब तक क्या-क्या हुआ?
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है. मुंबई में हुई इस वारदात के बाद राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. हाल ही में इस केस में हरियाणा पुलिस की ओर से एक और गिरफ्तारी की खबर सामने आई. बताया गया कि पकड़ा गया आरोपी मामले के मास्टरमाइंड अनिल पंडित का साथी है. आरोप है कि उसने ही फायरिंग के लिए तीनों आरोपियों को चुना था. पुलिस की जांच अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और वारदात की साजिश के पहलुओं पर केंद्रित है.
इससे पहले मुंबई में फायरिंग के बाद भाग रहे तीनों आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया था. कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद डीएसपी और साइबर सेल की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रेन की तलाशी ली और आरोपियों को दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल भागने की योजना बना रहे थे. जांच में सामने आया कि वारदात के बाद वे सूरत की ओर गए और फिर जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे. उनकी योजना जयपुर से बस के जरिए दिल्ली और फिर नेपाल जाने की बताई गई.
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाने की तैयारी की गई थी और पुलिस को ट्रांजिट रिमांड भी मिल गई थी. हालांकि, रात के समय सुरक्षा जोखिम को देखते हुए उन्हें मुंबई ले जाने का फैसला फिलहाल टाल दिया गया. कुछ दूरी तक जाने के बाद पुलिसकर्मी आरोपियों को वापस रेलवे कॉलोनी थाने ले आए. वहां भारी पुलिस बल और कमांडो की तैनाती के बीच उनकी सुरक्षा की गई.
गौरतलब है कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की गई थी. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से दो ने पांच से छह राउंड गोलियां चलाई थीं. मुंबई पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया था कि गिरफ्तार तीनों आरोपी नाबालिग नहीं हैं. उनमें से एक की उम्र 18 साल और बाकी दो की उम्र 22-22 साल बताई गई है.
चेतन गुर्जर / दीपेश त्रिपाठी