बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के दौरान घायल हुए ऑटो रिक्शा ड्राइवर उमेश चौहान की सेहत को लेकर नया अपडेट सामने आया है. उमेश फिलहाल मुंबई के KEM अस्पताल में भर्ती हैं. राहत की बात ये है कि उनकी चोट का असर दिल और फेफड़ों पर नहीं पड़ा है और सुबह 10 बजे तक उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
कूपर अस्पताल से KEM तक पहुंचा मामला
जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को गोली लगने के बाद उमेश चौहान को सबसे पहले जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया था. वहां शुरुआती इलाज और हालत स्थिर करने के बाद उन्हें 19 अक्टूबर की आधी रात के आसपास KEM अस्पताल शिफ्ट किया गया, ताकि उनकी आगे की जांच और विशेषज्ञों की देखरेख में इलाज हो सके.
फिलहाल उमेश को KEM अस्पताल की इमरजेंसी ICU में रखा गया है. जनरल सर्जरी विभाग के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं, जबकि कार्डियोवैस्कुलर और थोरेसिक सर्जरी की टीम भी उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर होने के चलते फिलहाल बिना सर्जरी के निगरानी के साथ इलाज किया जा रहा है. आगे की जांच और स्कैन की रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि उन्हें किस तरह के इलाज की जरूरत पड़ेगी.
फिलहाल राहत, लेकिन आगे की जांच अहम
उमेश की हालत स्थिर होना राहत की बात है, लेकिन डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं. आगे का इलाज जांच के नतीजों और उनकी सेहत में होने वाले बदलाव पर निर्भर करेगा.अस्पताल की ओर से आगे की मेडिकल जानकारी अधिकृत जनसंपर्क माध्यम से जारी की जाएगी.
बीते दिन ही टाइगर की कार पर चली गोली और अटैक के बीच घायल हुए ऑटो ड्राइवर का वीडियो सामने आया था. जहां वो अपने सीने पर हाथ रखे हैरान परेशान अस्पताल की ओर जाते दिखाई दिए थे.
मालूम हो कि, टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. वारदात को अंजाम देने के आरोपियों को राजस्थान के कोटा में गिरफ्तार किया गया है. कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में राजस्थान की AGTF और कोटा शहर की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा. बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली पहुंचने के बाद हरियाणा में छिपने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उनका प्लान फेल कर दिया.
आरती गुप्ता