तमिलनाडु की राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत करने वाले सुपरस्टार थलपति विजय के फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ ही उनकी मचअवेटेड फिल्म 'जन नायक' की रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक पुष्टि हो गई है.
फिल्म के प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण ने रविवार को न्यूज एजेंसी PTI को चेन्नई में बताया कि यह फिल्म अगले दो हफ्तों के अंदर सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसे राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है. ऐसे में दर्शकों के बीच अपने पसंदीदा 'थलपति' को आखिरी बार स्क्रीन पर देखने के लिए जबरदस्त उत्साह बना हुआ है.
सेंसर बोर्ड से चल रही है बातचीत
मुख्यमंत्री विजय के शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए KVN प्रोडक्शंस के संस्थापक वेंकट के. नारायण ने फिल्म के अपडेट शेयर किए. उन्होंने बताया कि 'जन नायक' फिलहाल सर्टिफिकेशन की अंतिम प्रक्रिया में है और टीम सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के साथ लगातार संपर्क में है. नारायण ने कहा, 'हम इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं और सब कुछ सही रहा तो अगले 14 दिनों के अंदर फिल्म दर्शकों के सामने होगी.'
फिल्ममेकिंग के दौरान विजय के साथ अपने पर्सनल एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए प्रोड्यूसर ने एक्टर की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि विजय बहुत ही अनुशासित और समर्पित इंसान हैं. वे जो भी वादा करते हैं, उसे हर हाल में पूरा करते हैं. नारायण के मुताबिक, फिल्म का टाइटल 'जन नायक' (जनता का नायक) विजय के वर्तमान राजनीतिक सफर और तमिलनाडु के लिए शुरू हुए एक नए युग के साथ पूरी तरह मेल खाता है.
लीक और विवादों के बाद भी हौसले बुलंद
'जन नायक' का सफर चुनौतियों भरा रहा है. पिछले कुछ समय में फिल्म से जुड़ी कई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आईं, जिनमें फिल्म का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से लीक होना भी शामिल था. इस मामले में पुलिस ने एक फ्रीलांस सब एडिटर समेत कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था. इन बाधाओं और सर्टिफिकेशन में हुई देरी के बावजूद फिल्म की टीम पूरी तरह सकारात्मक है और उनका ध्यान अब फिल्म की ग्रैंड रिलीज पर है.
डायरेक्टर एच. विनोद का दिखेगा जादू
फिल्म 'जन नायक' का डायरेक्शन चर्चित डायरेक्टर एच. विनोद ने किया है, जो 'थीरन अधिगारम ओंड्रू' और 'थुनिवु' जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. विजय के करियर के इस महत्वपूर्ण मोड़ पर एच. विनोद का डायरेक्शन और विजय की दमदार एक्टिंग क्या कमाल दिखाती है, इस पर सभी की नजरें हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क