सुपरस्टार सलमान खान की अगली फिल्म मातृभूमि के रास्ते में एक नया स्पीड ब्रेकर आ गया है. पहले ही कहानी पर आपत्तियों और टाइटल में बदलाव से गुजर चुकी इस फिल्म के रास्ते में नई रुकावट बना है सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC).
मातृभूमि पहले अप्रैल में ईद पर रिलीज होने वाली थी, जो सलमान की फेवरेट फिल्म रिलीज डेट है, लेकिन मेकर्स ने इसे टालकर अगस्त में रिलीज करने का प्लान बनाया. अब CBFC ने अगले नोटिस तक फिल्म का सर्टिफिकेट रोक लिया है और लग रहा है कि सलमान की फिल्म की रिलीज डेट फिर से टल सकती है.
2020 में भारत और चीन की सेनाओं के बीच, गलवान घाटी में हुई झड़प पर बेस्ड सलमान की फिल्म को पहले बैटल ऑफ गलवान नाम दिया गया था, लेकिन मार्च में खबरें आईं कि भारत और चीन के बीच डिप्लोमैटिक संबंधों की सेंसिटिविटी देखते हुए मेकर्स ने फिल्म का टाइटल बदल दिया है और नया टाइटल मातृभूमि है. मातृभूमि का टीज़र 27 दिसंबर 2025 को सलमान खान के 60वें जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया था.
पहले ये फिल्म सलमान की पक्की रिलीज डेट, ईद के मौके पर 17 अप्रैल को रिलीज होनी थी, लेकिन फिर मेकर्स ने रिलीज डेट टालकर, स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर आने का प्लान बनाया. लेकिन अब रिपोर्ट में सामने आया है कि CBFC ने फिल्म का सर्टिफिकेट रोक दिया है. शायद यही वजह है कि मेकर्स ने रिलीज के लिए केवल डेढ़ महीने बचे होने के बावजूद मातृभूमि का प्रमोशन नहीं शुरू किया है. सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिलने की वजह से स्वतंत्रता दिवस पर भी रिलीज होने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है.
डायरेक्टर अपूर्व लाखिया की फिल्म मातृभूमि सलमान खान की होम प्रोडक्शन भी है. फिल्म में सलमान, 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने गलवान घाटी में भारत-चीन सैनिकों के बीच तनाव के दौरान भारतीय जवानों का नेतृत्व किया था.
मातृभूमि में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह लीड रोल में हैं. अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी इस फिल्म में अहम रोल करते नजर आने वाले हैं. फिल्म का म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने दिया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क