फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' की अनाउंसमेंट के बाद से विवाद गरमाया हुआ है. क्योंकि ये मूवी सलमान खान के 1998 ब्लैक बक केस को लेकर बनाई गई है. इसलिए हंगामा भड़का है. मामले में नया अपडेट ये है कि सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म से जुड़े लोगों को कानूनी नोटिस भेजा है. इस नोटिस पर मूवी के प्रोड्यूसर अमित जानी की रिएक्शन आया है.
सलमान का एक्शन, प्रोड्यूसर का जवाब
सलमान खान की तरफ से भेजे गए नोटिस में फिल्म के निर्माता, निर्देशक से इसकी रिलीज पर रोक लगाने और उससे जुड़े पोस्टर और अन्य प्रचार की चीजें हटाने की मांग की गई है. कानूनी नोटिस में साफ चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं होने पर संबंधित पक्षों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उधर, अमित जानी ने लीगल नोटिस का जवाब देते हुए कहा कि वो डरेंगे नहीं. X पर दबंग खान की टीम से मिले नोटिस को शेयर कर प्रोड्यूसर ने लिखा- नोटिस भेजकर काला हिरण मूवी से जुड़े लोगों को धमकाने लगे हैं सलमान खान.
प्रोड्यूसर ने कहा- सलमान खान लीगल नोटिस देकर काला हिरण मूवी से जुड़े लोगों को धमकाने में लगे हैं. नोटिस का मकसद सिर्फ डराना है ताकि लोग ग्लैमर के सामने झुक जाये. उसकी आदत है वो डरा रहा है, मेरी फितरत है मैं डरा नही हूं. वो मुझको मुर्दा समझ रहा है. उसे कहो मैं मरा नही हूं.
फिल्म का निर्माण अमित जानी कर रहे हैं, जो पहले भी कई विवादित और चर्चित विषयों पर आधारित फिल्मों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. अमित जानी कन्हैया लाल मर्डर केस पर आधारित फिल्म का निर्माण कर चुके हैं, जिसमें दर्जी कन्हैया लाल की हत्या की घटना को दिखाया गया था. इस कानूनी विवाद के बाद काला हिरण फिल्म की रिलीज और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है.
30 मई को फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज हुआ था. काला हिरण का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया है. निर्माताओं के अनुसार, फिल्म वास्तविक कानूनी संघर्षों और एक्शन आधारित घटनाओं से प्रेरित है. इसे इंटरनेशनल और हॉलीवुड-स्टाइल ट्रीटमेंट के साथ तैयार किया गया है. फिल्म का मचअवेटेड टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है.
आशीष मिश्रा