बॉलीवुड में एक बार फिर सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच का विवाद सुर्खियों में आ गया है. एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद जोधपुर के बिश्नोई समाज से जुड़े देवेंद्र बुढ़िया ने सलमान खान से खास अपील की है. उनका कहना है कि सलमान को आगे आकर समाज से माफी मांगनी चाहिए और इस पूरे मामले को बातचीत से खत्म करने की पहल करनी चाहिए.
देवेंद्र बुढ़िया ने साफ कहा कि किसी समाज से माफी मांगने से इंसान का कद छोटा नहीं होता. अगर सलमान खान पहल करते हैं, तो इस लंबे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल सकता है.
‘सलमान खान माफी नहीं मांगेंगे, तब तक कोशिश करता रहूंगा’
ANI से बातचीत में देवेंद्र बुढ़िया ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले भी उन्होंने सलमान खान को समझाने की कोशिश की थी. उन्होंने भाईजान को उनकी स्टारडम की याद दिलाते हुए कहा था कि उन्हें इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और इसे सुलझाने के लिए आगे आना चाहिए.
देवेंद्र बुढ़िया के मुताबिक, उन्होंने सलमान से यहां तक कहा था कि इस तरह का रवैया उनके लिए खतरनाक साबित हो सकता है. बुढ़िया ने दावा किया कि उस वक्त सलमान ने हामी तो भरी थी, लेकिन बाद में मुलाकात नहीं हुई.
उन्होंने कहा, “मैं सलमान खान के माफी मांगने तक कोशिश करता रहूंगा. मैंने करीब डेढ़ साल पहले उनसे बात की थी. उन्हें बहुत समझाया था. मैंने कहा था कि आपकी जान जा सकती है. आप सुपरस्टार हैं, ऐसा मत कीजिए. उन्होंने कहा था कि ठीक है, कर दूंगा, लेकिन बाद में वह मिले ही नहीं.
लॉरेंस बिश्नोई से भी हुई थी बात, दी थी 12 महीने की मोहलत
देवेंद्र बुढ़िया ने दावा किया कि उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई से भी बातचीत की थी. उनके मुताबिक, लॉरेंस के एक दोस्त ने उनकी बात करवाई थी. बुढ़िया ने लॉरेंस से विवाद को और आगे न बढ़ाने और शांति बनाए रखने की अपील की थी.
उन्होंने बताया कि लॉरेंस से कहा था कि सलमान को लेकर जल्दबाजी न करें, क्योंकि वह एक साल के भीतर वापस आकर माफी मांग सकते हैं. बुढ़िया के मुताबिक, लॉरेंस ने भी कथित तौर पर 12 महीने का वक्त देने की बात कही थी, लेकिन अब विवाद एक बार फिर भड़क गया है.
बुढ़िया ने सवाल उठाया कि किसी को नुकसान पहुंचाने से आखिर हासिल क्या होगा? उनके मुताबिक, किसी की जान जाने से किसी का भला नहीं होता और ऐसे मामलों को बातचीत से सुलझाना ही बेहतर रास्ता है.
सलमान खान मंदिर आकर मांगें माफी, बुढ़िया को समाज पर भरोसा
देवेंद्र बुढ़िया ने सलमान खान से अपील की कि वह यहां के मंदिर में आकर माफी मांगें. उन्होंने कहा कि बिश्नोई समाज दयालु और उदार है, इसलिए बातचीत और माफी के जरिए इस विवाद को खत्म किया जा सकता है. बुढ़िया ने कहा, “मैंने सलमान से यहां मंदिर आने और माफी मांगने को कहा था. हमारा समाज बहुत दयालु है.”
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद फिर चर्चा में आया मामला
दरअसल, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है. सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पोस्ट में कथित तौर पर चेतावनी दी गई कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में सलमान खान के साथ काम करने वाले और उनकी बात न मानने वाले लोगों का भी वही अंजाम होगा.
हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और फायरिंग की घटना से इसके कथित संबंध की अब तक पुष्टि नहीं हुई है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी आरोपियों ने उनकी कार पर फायरिंग की. इस घटना में टाइगर श्रॉफ को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर को चोट आई.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को ट्रेन में सफर करते समय पकड़ा गया. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत केस दर्ज किया गया है.
सोमवार को तीनों आरोपियों को कोटा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से मुंबई पुलिस को आरोपियों की 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली. मामले की आगे जांच जारी है. अब देखना होगा कि देवेंद्र बुढ़िया की इस अपील के बाद सलमान खान की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं, और क्या सालों से चला आ रहा यह विवाद बातचीत से खत्म हो पाता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क