ऋषि कपूर और नीतू कपूर की लाडली बेटी 45 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं. कपूर परिवार की बड़ी बेटी अब फिल्म दादी की शादी से अपना एक्टिंग डेब्यू करने वाली हैं. खास बात ये है कि 45 साल की उम्र में कैमरे के सामने पहली बार खड़ी होने को लेकर रिद्धिमा काफी इमोशनल हैं.
फिल्म डेब्यू पर भावुक हुईं रिद्धिमा कपूर
रिद्धिमा ने एक लंबा समय अपने परिवार के लिए बिताया है. वो बिजनेसमैन भरत साहनी की पत्नी हैं और बेटी समायरा की मां हैं. इतना ही नहीं वो एक ज्वेलरी डिजाइनर भी हैं. लेकिन अब रिद्धिमा अपना फिल्म डेब्यू कर रही हैं. इस पर बात करते हुए कहा- ये एहसास मेरे लिए बहुत अलग और भावुक करने वाला है. ऐसा लग रहा है जैसे जिंदगी एक पूरा चक्र पूरा कर चुकी है. मुझे पता है कि पापा जहां भी हैं, मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं. यही सोच मुझे ताकत देती है.
उन्होंने बताया कि इस नई शुरुआत में सबसे बड़ा चैलेंज खुद को एक नई दुनिया में ढालना था. रिद्धिमा बोलीं- इस उम्र में बिल्कुल नई शुरुआत करना आसान नहीं होता. इसमें एक डर भी होता है, लेकिन साथ ही बहुत एक्साइटमेंट भी है.
रिद्धिमा ने ये भी खुलासा किया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें पहली बार अपनी बेटी को दिल्ली में अकेला छोड़ना पड़ा. उन्होंने कहा- 2019 में पापा के इलाज के बाद ये पहली बार था जब मैं अपनी बेटी से इतने समय दूर रही.
रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा अब बनी एक्ट्रेस
अपनी मां नीतू कपूर के साथ काम करने के अनुभव को उन्होंने बेहद खास बताया. रिद्धिमा ने कहा- मां के साथ काम करना बहुत स्पेशल था. मैंने देखा कि वो कितनी सहज और नेचुरल एक्ट्रेस हैं. रिद्धिमा ने बताया कि कैमरे के सामने आने से पहले उन्हें भाई रणबीर कपूर ने भी खास सलाह दी थी. उन्होंने कहा- रणबीर ने मुझसे कहा था कि नैचुरल रहो और ज्यादा मत सोचो. बस उस पल को महसूस करो. उसकी ये बात मेरे बहुत काम आई.
अपने परिवार के बारे में बात करते हुए रिद्धिमा ने आलिया भट्ट और रणबीर की भी तारीफ की. उन्होंने कहा- ये हमारे परिवार के लिए बहुत एक्साइटिंग समय है. मुझे रणबीर और आलिया दोनों पर बहुत गर्व है. दोनों शानदार काम कर रहे हैं.
कपूर परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने पर रिद्धिमा ने कहा- हमारे परिवार की महिलाओं ने हमेशा अपनी अलग पहचान बनाई है. मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मैं भी उस विरासत का छोटा सा हिस्सा बन रही हूं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क