मुन्नाभाई, 3 इडियट्स, पीके और संजू जैसी फिल्में बना चुके राजकुमार हिरानी अगर वेब सीरीज लेकर आ रहे हैं, तो फिल्म फैन्स की एक्साइटमेंट बढ़नी ही है. कुछ साल पहले रिपोर्ट्स आई थीं कि राजकुमार हिरानी एक वेब सीरीज प्लान कर रहे हैं, जिसका टाइटल है 'प्रीतम एंड पेड्रो'. अब हिरानी ने 'प्रीतम एंड पेड्रो' की रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी है. इस सीरीज को देखने की एक बड़ी वजह वो टैलेंटेड नाम भी हैं, जो इससे जुड़े हैं.
बेटे को डेब्यू करवा रहे राजकुमार हिरानी
ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार ने ऑफिशियली अनाउंस कर दिया है कि 'प्रीतम एंड पेड्रो' 3 जुलाई को रिलीज होगी. हिरानी इस शो के क्रिएटर हैं और इसे डायरेक्ट करने की जिम्मेदारी उन्होंने अविनाश अरुण को दी है, जिन्होंने पाताल लोक वेब सीरीज डायरेक्ट की थी.
'प्रीतम एंड पेड्रो' से राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी भी डेब्यू करने जा रहे हैं. वीर काफी वक्त से थिएटर में अपने एक्टिंग टैलेंट को धार दे रहे हैं. एक नाटक से उनके मोनोलॉग का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुआ था. वीर के साथ इस शो में एक ऐसी कास्ट है, जो अपने आप में दमदार परफॉरमेंस और सॉलिड कहानी की गारंटी लगती है. विक्रांत मैसी, अरशद वारसी और मोना सिंह जैसे एक्टर्स 'प्रीतम एंड पेड्रो' में नजर आने वाले हैं.
क्या है 'प्रीतम एंड पेड्रो' की कहानी?
इस वेब सीरीज के पोस्टर में एक यंग सा लड़का और एक पुलिस ऑफिसर, एक एटीएम मशीन के साथ एक बीच पर खड़े हैं. पिछले साल विक्रांत मैसी ने द लल्लनटॉप के साथ एक इंटरव्यू में बताया था कि 'प्रीतम एंड पेड्रो' एक साइबर क्राइम थ्रिलर है. इसमें एक पुराने स्टाइल का पुलिस ऑफिसर और एक टेक जीनियस मिलकर एक साइबर क्राइम की गुत्थी सुलझाने में लगे हैं. रिपोर्ट्स ये भी बताती हैं कि विक्रांत ने इस शो में नेगेटिव किरदार निभाया है.
'प्रीतम एंड पेड्रो' के प्रोडक्शन में काफी वक्त लगा है और विक्रांत ने साल भर पहले जब इंटरव्यू दिया था, तब वो शो का शूट कर रहे थे. लेकिन राजकुमार हिरानी के क्रिएटिव कंट्रोल में बन रहे इस शो से जुड़ा एक-एक नाम इतना दमदार है कि किसी भी सिनेमा लवर की एक्साइटमेंट बढ़ जाएगी. अब देखना है कि मेकर्स 'प्रीतम एंड पेड्रो' का टीजर-ट्रेलर कब रिवील करते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क