scorecardresearch
 

Mattress Care Tips: बीच से धंस रहा है गद्दा? नया खरीदने से पहले आजमाएं ये 5 तरीके, फिर होगा ठीक

Mattress Care Tips: बेड का गद्दा बीच से धंसने लगा है और रात में सोने में परेशानी हो रही है? ऐसे में नया गद्दा खरीदने की जल्दबाजी न करें. मैट्रेस टॉपर इस्तेमाल करने, गद्दे को समय-समय पर घुमाने और बेड का बेस चेक करने जैसे 5 आसान तरीके आपकी मदद कर सकते हैं. जानिए गद्दे की सही देखभाल कैसे करें और किन बातों का ध्यान रखकर उसे ज्यादा आरामदायक बनाया जा सकता है.

Advertisement
X
गद्दे पर ज्यादा प्रेशर पड़ता है तो वो धंसने लगता है. (Photo: ITG)
गद्दे पर ज्यादा प्रेशर पड़ता है तो वो धंसने लगता है. (Photo: ITG)

रात में सोने के लिए जैसे ही आप बेड पर लेटते हैं, अगर गद्दे के बीच में गड्ढा महसूस होने लगे या शरीर एक तरफ झुकने लगे, तो अच्छी नींद लेना मुश्किल हो जाता है. कई बार गद्दा इतना धंस जाता है कि रातभर करवटें बदलने के बाद भी आराम नहीं मिलता. सुबह उठने पर कमर, पीठ या कंधों में अकड़न महसूस हो सकती है. ऐसी परेशानी होने पर ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि अब पुराना गद्दा हटाकर नया खरीदना पड़ेगा. क्या आपके बेड पर पड़ा 

लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं है. कई बार गद्दे के नीचे लगे बेड बेस में खराबी, रोजाना एक ही जगह सोने या लंबे समय तक सही देखभाल न करने की वजह से भी गद्दे में धंसाव आने लगता है. ऐसे में बिना वजह पैसे खर्च करके नया गद्दा खरीदने से पहले उसकी कंडीशन और धंसने की वजह समझना जरूरी है. अगर गद्दा बहुत ज्यादा पुराना नहीं है और उसमें हल्का सा ही धंस रहा है, तो कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से उसे को पहले जैसा आरामदायक बनाया जा सकता है. चलिए जानते हैं क्या हैं वो तरीके जिनकी मदद से आप गद्दे के धंसाव को ठीक कर सकते हैं.

गद्दे के ऊपर लगाएं मैट्रेस टॉपर: अगर गद्दा बीच से थोड़ा धंस गया है और सोने में परेशानी हो रही है, तो मैट्रेस टॉपर एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. ये फोम, लेटेक्स या दूसरे मटेरियल से बनी एक एक्स्ट्रा लेयर होती है, जिसे पुराने गद्दे के ऊपर बिछाया जाता है. इससे गद्दा फिर से कुछ हद तक सोने के लिए कंफर्टेबल महसूस हो सकता है. हालांकि, ये गद्दे के अंदर की खराबी को ठीक नहीं करता. बहुत ज्यादा सॉफ्ट टॉपर लेने से बचें, क्योंकि वह शरीर को सही सपोर्ट नहीं दे पाएगा.

गद्दे को समय-समय पर घुमाते रहें: अगर आप रोजाना गद्दे के एक ही हिस्से पर सोते हैं, तो वहां लगातार दबाव पड़ने से गद्दा धंस सकता है. ऐसे में गद्दे के सिर और पैर वाली दिशा को बदलने से दबाव अलग-अलग हिस्सों में बंट सकता है. हालांकि, हर गद्दे को घुमाना या पलटना सही नहीं होता. इसलिए ऐसा करने से पहले इंस्ट्रक्शंस जरूर देख लें.

नया गद्दा खरीदने से पहले बेड का बेस चेक करें: कई बार गद्दा नहीं, बल्कि उसके नीचे लगा बेड बेस परेशानी की वजह होता है. लकड़ी कमजोर होने, स्लैट टूटने या उनके बीच ज्यादा गैप होने से गद्दे को सही सपोर्ट नहीं मिल पाता. ऐसे में गद्दे को हटाकर नीचे का हिस्सा अच्छी तरह चेक कर लें. अगर कोई लकड़ी टूटी है या सपोर्ट कमजोर है, तो उसे ठीक करवाएं. इससे गद्दे को बेहतर सहारा मिल सकता है.

Advertisement

गद्दे की मोटाई के साथ क्वालिटी भी देखें: गद्दा खरीदते समय सिर्फ उसकी मोटाई पर ध्यान देना काफी नहीं है. उसका मटेरियल, मजबूती और शरीर को मिलने वाला सपोर्ट भी मायने रखता है. ऐसा गद्दा चुनें, जो आपके शरीर के वजन और सोने के तरीके के हिसाब से सही हो. इससे आरामदायक नींद लेने में मदद मिल सकती है.

गद्दे की सफाई और देखभाल करें: गद्दे को लंबे समय तक इस्तेमाल करने के लिए उसकी सफाई करना भी जरूरी है. समय-समय पर धूल हटाएं, कमरे में हवा आने-जाने दें और गद्दे को नमी से बचाएं. अगर निर्माता ने गद्दे को घुमाने की सलाह दी है, तो इंस्ट्रक्शंस के मुताबिक ऐसा करते रहें. सही देखभाल से गद्दे की कंडीशन बनाए रखने में मदद मिल सकती है, हालांकि इससे पहले से हुआ धंसाव ठीक नहीं होगा.

गद्दा ज्यादा धंस गया तो बदलना ही बेहतर है: अगर गद्दा काफी पुराना है और बीच में गहरा गड्ढा बन गया है, तो सिर्फ टॉपर या दूसरे उपायों से समस्या दूर नहीं होगी. ज्यादा धंसने पर गद्दे का अंदरूनी सपोर्ट कमजोर हो सकता है. अगर उस पर सोने में लगातार परेशानी होती है या शरीर को सही सहारा नहीं मिलता, तो नया गद्दा खरीदना बेहतर है.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement