बिना AI-VFX के शूट हुआ ‘राजा शिवाजी’ का डेथ सीन, 12 घंटे पानी में डूबी रही एक्ट्रेस

‘राजा शिवाजी’ की एक्ट्रेस दिशा परदेशी ने फिल्म के खतरनाक अंडरवॉटर सीन का अनुभव शेयर किया. 12 घंटे तक चले इस शूट में न बॉडी डबल का इस्तेमाल हुआ और न ही AI या VFX का सहारा लिया गया.

Advertisement
10 फीट ऊंचाई से द्गिशा परदेशी ने लगाई थी छलांग (Photo: ITG) 10 फीट ऊंचाई से द्गिशा परदेशी ने लगाई थी छलांग (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:16 PM IST

रितेश देशमुख स्टारर और उन्हीं के डायरेक्शन में बनी फिल्म राजा शिवाजी लगातार चर्चा में बनी हुई है. कभी इसके दमदार डायलॉग्स सुर्खियां बटोर रहे हैं तो कभी ग्रैंड सीन्स लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. अब फिल्म में अफजल खान की पत्नी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दिशा परदेशी ने शूटिंग से जुड़ा ऐसा चौंकाने वाला अनुभव शेयर किया है, जिसने फिल्म को एक बार फिर लाइमलाइट में ला दिया है. 

Advertisement

दिशा ने बताया कि फिल्म का एक बेहद मुश्किल अंडरवॉटर सीन 12 घंटे तक शूट किया गया, जिसमें न बॉडी डबल का इस्तेमाल हुआ और न ही AI या VFX का सहारा लिया गया. पूरा सीन असली तरीके से फिल्माया गया. दिशा ने इस सीन की पूरी डिटेल्स शेयर कीं.

‘राजा शिवाजी’ में रियल अंडरवॉटर सीन

फिल्म में दिशा के किरदार को गला घोंटकर पानी में फेंका जाता है. दिशा ने बताया कि जब उन्हें फिल्म के लिए चुना गया था, तब उन्हें इस सीन की कठिनाई का अंदाजा नहीं था. जूम से बातचीत में दिशा ने बताया कि कास्टिंग डायरेक्टर ने सबसे पहले उनसे पूछा था कि क्या उन्हें तैरना आता है. उन्हें सीन की गंभीरता का पता नहीं था, इसलिए उन्होंने कहा कि उन्हें पानी के अंदर काम करने में कोई परेशानी नहीं होगी.

Advertisement

उन्होंने कहा कि आमतौर पर मौत वाले सीन करना आसान होता है, लेकिन पानी के अंदर ऐसा सीन करना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था. उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर डूबता हुआ इंसान ऊपर आने की कोशिश करता है, लेकिन इस सीन में उन्हें पानी के अंदर ही डूबते हुए एक्ट करना था.

इस कठिन सीन की तैयारी के लिए दिशा ने खास अंडरवॉटर ट्रेनिंग ली और लंबे समय तक प्रैक्टिस की.उन्होंने कहा- एक खास टीम ने हमारी मदद की ताकि हम ऑक्सीजन मास्क के बिना पानी के अंदर शूट कर सकें. हमने 12 घंटे तक पानी में रहकर प्रैक्टिस की. ये डरावना था क्योंकि आखिरकार पानी तो पानी ही होता है. शूट वाले दिन लगातार बारिश भी हो रही थी. शूट के दौरान मैं पानी के अंदर थी और बाहर निकलते ही बारिश हो रही थी. ये मुश्किल था, लेकिन रोमांचक भी. इस सीन से मैंने बहुत कुछ सीखा.

बिना डुप्लीकेट शूट हुआ मौत वाला सीन

दिशा ने ये भी बताया कि उन्हें खतरनाक सीन के लिए बॉडी डबल का विकल्प दिया गया था, लेकिन उन्होंने खुद ही वो सीन करने का फैसला लिया.

उन्होंने कहा- कैमरा शुरू होने से ठीक पहले रितेश देशमुख सर ने मुझसे पूछा कि क्या मैं 10–12 फीट ऊंचाई से कुएं में छलांग लगा सकती हूं. उन्होंने कहा कि अगर मैं सहज नहीं हूं तो बॉडी डबल तैयार हैं. जब आपका डायरेक्टर सपोर्टिव और समझदार हो, तो मुश्किल सीन करना आसान हो जाता है. उनके भरोसे ने मुझे आत्मविश्वास दिया. हमने इस सीन में डुप्लीकेट, VFX या AI का इस्तेमाल नहीं किया.

Advertisement

ये ऐतिहासिक मराठी फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य के संकल्प पर आधारित है और इसमें अफजल खान की कहानी भी दिखाई गई है, जिसमें संजय दत्त ने विलेन का किरदार निभाया है.

फिल्म में अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री और जेनेलिया देशमुख भी अहम भूमिकाओं में हैं. साथ ही सलमान खान का एक खास कैमियो भी है. राजा शिवाजी- 1 मई को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनिया भर में रिलीज हुई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »