'कच्चा बादाम गाने से नहीं परेशानी, मेरी चुप्पी कमजोरी नहीं', कानपुर बवाल पर अंजलि अरोड़ा की सफाई

कानपुर इवेंट में बड़े बवाल को लेकर लोगों के बीच घिरी अंजलि अरोड़ा ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने बताया कि कानपुर आने से लेकर इवेंट तक मैनेजमेंट में काफी दिक्कतें थीं. उन्हें अपने गाने कच्चा बादाम से कोई दिक्कत नहीं थी, सारी परेशानी ऑर्गनाइजर्स के मैनेजमेंट की थी.

Advertisement
अंजलि के साथ कानपुर में क्या हुआ था? (Photo: ITGD) अंजलि के साथ कानपुर में क्या हुआ था? (Photo: ITGD)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:56 PM IST

अंजलि अरोड़ा के साथ कुछ दिन पहले कानपुर में एक बड़ी घटना घटी. एक इवेंट में वो थीं, जहां अचानक उनका कच्चा बादाम गाना चला जिससे वो काफी गुस्सा हुईं. अंजलि ने वहां बहुत बड़ा बवाल किया, जिससे ऑर्गनाइजर्स को भारी नुकसान हुआ. उन्होंने एक्ट्रेस-इंफ्लुएंसर पर आरोप लगाए, और उनपर कोर्ट केस करने की धमकी भी दी. 

अंजलि अरोड़ा पर इतने कम समय में कई आरोप लगे, और सोशल मीडिया पर उन्हें अपनी इस हरकत से जमकर ट्रोलिंग भी झेलनी पड़ी. अब 'कच्चा बादाम' गर्ल ने इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है, और कानपुर इवेंट में जो-जो हुआ उसपर खुलकर बात की है.

Advertisement

अपने इवेंट में हुए विवाद पर क्या बोलीं अंजलि अरोड़ा?

अंजलि ने इंस्टाग्राम पर अपने कई सारे वीडियो शेयर करके कहा- कानपुर में एक कार्यक्रम को लेकर तरह-तरह की खबरें चल रही हैं. कुछ लोग मुझे गलत बता रहे हैं, कुछ लोग मुझ पर आरोप लगा रहे हैं और कुछ लोग बिना पूरी सच्चाई जाने मुझे जज कर रहे हैं. मैं पिछले कई दिनों से इस मुद्दे पर अपनी बात रखना चाहती थी, लेकिन लगातार मेरे इवेंट्स चल रहे थे और मैं आप सबको बताना चाहती हूं कि मेरे बाकी सारे इवेंट्स बहुत अच्छे गए. हर जगह मुझे दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया और सम्मान दिया. 

'इसी व्यवस्था के कारण कानपुर के मुद्दे में मैं अपना पक्ष रखने आई हूं. लेकिन आज मैं खुद आपके सामने आई हूं क्योंकि मुझे लगता है कि इस बारे में इतनी बातें की जा रही है तो मेरा पक्ष जानना भी आपका अधिकार है. सबसे पहले मैं कानपुर के उन सभी लोगों को दिल से एक बात कहना चाहती हूं. जो लोग भी मुझसे मिलने आए. आप लोगों का प्यार मेरे लिए किसी शो, कॉन्ट्रैक्ट और पैसे से बहुत ज्यादा बड़ा है और मैं आज जो कुछ भी हूं, आप लोगों की वजह से हूं.' 

Advertisement

अंजलि ने आगे कहा- लेकिन दोस्तों मैं भी एक इंसान हूं. मेरी भी अपनी एक गरिमा है और मेरा भी आत्म सम्मान है और सबसे बड़ी बात मेरी सुरक्षा उतनी ही जरूरी है जितनी किसी दूसरी लड़की की है. और मैं आपसे एक सवाल पूछना चाहती हूं. क्या एक लड़की के कलाकार होने का मतलब ये है कि उसे अपनी सुरक्षा और सम्मान की चिंता करने का अधिकार नहीं है? मैं कानपुर के कार्यक्रम में अपने प्रशंसकों से मिलने और उनका मनोरंजन करने गई थी. किसी विवाद का हिस्सा बनने नहीं.

'अब मैं आपको बताना चाहती हूं कि उस दिन मेरे साथ हुआ क्या था. जब मैं कानपुर एयरपोर्ट पर पहुंची तो मुझे लेने के लिए जो गाड़ी भेजी गई थी, उसमें पहले से तीन आदमी बैठे हुए थे. मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि जब किसी महिला कलाकार को लेने के लिए गाड़ी भेजी जाती है तो क्या उनकी सुरक्षा और सहिष्णुता का ध्यान नहीं रखा जाना चाहिए? इसके बाद जब मैं होटल पहुंची तो काफी लोग पहले से लॉबी में वहां मौजूद थे. लगभग पच्चीस लोग मुझे रूम में छोड़ने गए और उस टाइम मैं बहुत असुरक्षित महसूस कर रही थी और जब हद तो तब हो गई जब मैंने रूम सर्विस में अपने लिए खाना ऑर्डर किया.'

Advertisement

कानपुर में असुरक्षित हुईं अंजलि अरोड़ा

अंजलि ने बताया कि खाना ऑर्डर करने वालों के साथ कई सारे लोग उनके कमरे में घुस गए थे. इतने लोगों को वहां उनके कमरे में देखकर उन्हें बहुत अनसेफ फील हुआ. एक्ट्रेस ने आगे अपनी उस बात का भी जिक्र किया, जिसपर काफी विवाद हुआ. अंजलि ने कहा था कि अगर कानपुर के लोग ऐसे ही बर्ताव करेंगे, तो उनके शहर कोई सेलिब्रिटी नहीं आएगा. इसपर सफाई देते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने ये बात कानपुर की जनता के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए कही थी जो उनसे आपत्तिजनक बर्ताव कर रहे थे. 

अंजलि ने कहा कि उन्होंने कानपुर का नहीं, बल्कि अपने अपमान का विरोध किया था. मगर उनकी बातों को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया गया. उनका आगे कहना है- मैं व्यक्तिगत आरोप लगाने के लिए किसी को बदनाम करने के लिए वीडियो नहीं बना रही हूं. लेकिन मैं इतना जरूर कहना चाहती हूं कि किसी भी कार्यक्रम में कलाकार की सुरक्षा और दर्शकों की सुरक्षा, आपसी सम्मान और उचित व्यवस्थाएं बेहद जरूरी होती हैं. अब जैसे कि शो के दौरान एक लड़की के बाल और कपड़े जल गए. यह सरासर किसकी गलती है? मैनेजमेंट और ऑर्गनाइजर्स की. 

अंजलि अरोड़ा का आगे दावा है कि जिस लड़की के बाल और कपड़े जले थे, उसने भी मैनेजमेंट पर सवाल उठाए थे. एक्ट्रेस ने इस दौरान अपने गाने कच्चा बादाम पर भी सफाई दी, जिसपर वो भड़क गई थीं. उनका कहना है कि कुछ लोग कह रहे हैं कि मुझे कच्चा बादाम गाने से परेशानी है. एक बात मैं साफ कर देना चाहती हूं आपको कच्चा बादाम मेरी पहचान से जुड़ा हुआ गाना है. इसी गाने के जरिए मुझे करोड़ों लोगों ने प्यार दिया है. मैं उस प्यार का अपमान क्यों करूंगी? लेकिन किसी कार्यक्रम में क्या हुआ, किन परिस्थितियों में हुआ, इसे केवल कुछ सेकंड की वीडियो क्लिप देखकर तय नहीं किया जा सकता. 

Advertisement

ऑर्गनाइजर्स के लिए क्या है अंजलि का संदेश?

अंजलि अरोड़ा ने आखिरी वीडियो में कानपुर इवेंट के ऑर्गनाइजर्स के दावों पर भी रिएक्ट किया. उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनसे शिकायत है, तो तथ्यों के साथ उनके पास आएं और उनसे बात करें. तब वो भी अपना पक्ष रखेंगी, और सच्चाई सामने लाएंगी. एक्ट्रेस ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जिन्होंने उनकी वायरल वीडियो क्लिप पर उन्हें ट्रोल किया. 

अंजलि ने कानपुर के लोगों से माफी मांगते हुए कहा- मैं उन सभी लोगों से माफी भी मांगना चाहती हूं जो लोग मुझे देखने आए और कार्यक्रम को पूरा होते नहीं देख पाए. मैं आपकी निराशा को भी समझती हूं. लेकिन एक चीज याद रखना, एक लड़की का चुप रहना उसकी कमजोरी नहीं होता है और अपनी बात रखना उसका घमंड नहीं होता है. मैंने हमेशा अपने काम और अपने लोगों का प्यार सबसे ऊपर रखा है और आज उन्हीं लोगों को मैं एक बात कहना चाहती हूं.

'जो सोशल मीडिया पर बिना पूरी सच्चाई जाने किसी एक लड़की के बारे में तरह-तरह की बातें लिख रहे हैं और वीडियोज बना रहे हैं. आप किसी की आलोचना जरूर कीजिए. सवाल भी पूछिए पर किसी की इज्जत और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाना बिल्कुल भी ठीक नहीं है. एक कलाकार की पहचान उसके काम से होनी चाहिए. ना किसी विवाद या कुछ सेकंड की वीडियो से.' अंत में अंजलि ने कहा कि उनकी लीगल टीम फिलहाल इस मामले को हैंडल कर रही है.

Advertisement

बात करें अंजलि अरोड़ा के काम की, तो हाल ही में वो महाकाव्य श्री रामायण कथा में माता सीता का रोल करने के लिए मशहूर हुई थीं. लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »