बॉलीवुड के 'दबंग' सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच चल रही दुश्मनी इन दिनों देश के सबसे चर्चित मामलों में से एक है. अब इस हाई-प्रोफाइल विवाद और इसके पीछे की मुख्य वजह यानी साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी पूरी हो चुकी है. मेकर्स ने इस विषय पर आधारित अपनी आगामी फिल्म 'काला हिरण' का पहला आधिकारिक पोस्टर रिलीज कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही सनसनी मचा दी है.
खबरों के मुताबिक, इस फिल्म में जोधपुर के कोर्टरूम ड्रामे से लेकर सलमान खान की गिरफ्तारी, बिश्नोई समाज की नाराजगी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ उनके टकराव की पूरी कहानी को बेहद करीब से दिखाया जाएगा. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शूट की गई इस क्राइम-थ्रिलर फिल्म का ऑडियंस को काफी समय से इंतजार था, जो अब खत्म होने जा रहा है.
फिल्म में दिखेगा कोर्टरूम ड्रामा
फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने हाल ही में न्यूज एजेंसी से इस फिल्म के बारे में बात की. जानी ने कहा, '1998 में जोधपुर के काकानी गांव में सलमान खान द्वारा काले हिरण के शिकार के मामले में कोर्टरूम का ड्रामा, जुर्म, थ्रिलर, लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच की दुश्मनी - इन सभी घटनाओं को एक फिल्म के रूप में शूट किया गया है. इस फिल्म की शूटिंग संभल, मुरादाबाद और उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों में हुई है.'
उन्होंने यह भी बताया, 'बॉलीवुड के जो कलाकार शूटिंग के लिए जोधपुर आए थे - जैसे सैफ अली खान, सलमान खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, सतीश शाह और दूसरे लोग - वे सभी शूटिंग के दौरान एक साथ थे. उस समय जो शिकार हुआ था, सलमान खान की गिरफ्तारी और उन्हें मिली सजा - इन सभी बातों को फिल्म में दिखाया गया है और इस फिल्म के पोस्टर का लोगों को बेसब्री से इंतजार था. लोग काफी समय से सलमान खान, लॉरेंस बिश्नोई और हिरण के शिकार से जुड़े मामले पर आधारित एक फिल्मी कहानी का इंतजार कर रहे थे. 20 जून को हम फिल्म का पहला लुक और टीज़र रिलीज करने जा रहे हैं.'
क्यों जानी दुश्मन बने सलमान और लॉरेंस बिश्नोई?
इस पूरे विवाद की जड़ें करीब 28 साल पुरानी हैं. दरअसल, राजस्थान का बिश्नोई समुदाय काले हिरण को जीव-जंतुओं से बढ़कर अपने आध्यात्मिक गुरु का पवित्र अवतार मानता है और उनकी पूजा करता है. 1998 में हुए शिकार के बाद से ही इस समुदाय में सलमान खान के खिलाफ गहरा आक्रोश था. इसी बात का हवाला देकर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने सलमान खान को कई बार जान से मारने की सीधी धमकियां दी हैं.
यह दुश्मनी हाल के दिनों में तब और गंभीर हो गई, जब साल 2024 में 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बिश्नोई गैंग के गुर्गों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. दोनों के बीच का यह तनाव आज भी बरकरार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क