कपूर खानदान की बेटी अंशुला कपूर की शादी का जश्न किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं रहा. शादी की रस्में खत्म होने के बाद हुई कॉकटेल पार्टी में ऐसा माहौल बना कि हर कोई झूमने पर मजबूर हो गया. लेकिन इस पूरी पार्टी की जान बनीं जाह्नवी कपूर, जिनका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है.
कंधे पर ढोल टांगा और शुरू कर दिया धमाल
वायरल वीडियो में जाह्नवी कपूर पूरे जोश में नजर आ रही हैं. उन्होंने सिर्फ ढोल की थाप पर डांस ही नहीं किया, बल्कि खुद कंधे पर ढोल टांगकर उसे बजाना भी शुरू कर दिया. ब्लू कलर के खूबसूरत सूट में जाह्नवी का देसी अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है.
एक्ट्रेस पूरे एनर्जी के साथ ढोल पीटती दिखीं, जबकि आसपास मौजूद मेहमान उनकी बीट्स पर झूमते नजर आए. माहौल ऐसा था कि किसी की नजर जाह्नवी से हट ही नहीं रही थी.
ओरी ने भी लगाए जबरदस्त ठुमके
वीडियो में जाह्नवी के बेस्ट फ्रेंड ओरी (ओरहान अवत्रमणि) भी पूरी मस्ती के मूड में दिखाई दिए. वो ढोल की बीट्स पर जमकर डांस करते नजर आए. दोनों की मस्ती देखकर साफ है कि शादी के बाद की कॉकटेल पार्टी में किसी ने भी एंजॉयमेंट का कोई मौका नहीं छोड़ा.
जाह्नवी कपूर का जोश देखकर खुद ढोल बजाने वाला शख्स भी हैरान रह गया. एक्ट्रेस ने उससे मुलाकात की, उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और जिसे बाद में ढोल वाले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. इन तस्वीरों में खुशी कपूर भी मुस्कुराते हुए पोज देती नजर आईं.
फैंस जाह्नवी के इस बेफिक्र और देसी अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे है. कोई उन्हें 'पार्टी की जान' बता रहा है तो कोई कह रहा है कि 'जाह्नवी जहां होती हैं, वहां महफिल अपने आप सज जाती है.'
वायरल वीडियोज से साफ है कि कपूर परिवार ने अंशुला कपूर की शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. संगीत से लेकर कॉकटेल पार्टी तक हर फंक्शन में पूरा परिवार खुलकर सेलिब्रेट करता नजर आया.
कैसी रही अंशुला कपूर की शादी?
अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी की है. दोनों की शादी बेहद रॉयल अंदाज में मुंबई के ताज लैंड्स एंड में हुई, जिसमें कपूर परिवार और उनके करीबी दोस्त शामिल हुए. शादी की रस्मों के बाद आयोजित कॉकटेल पार्टी में बॉलीवुड का ग्लैमरस रंग देखने को मिला. इसी पार्टी के दौरान जाह्नवी कपूर का ढोल बजाते और ओरी के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे फैंस बार-बार देख रहे हैं.
कहना गलत नहीं होगा कि दोनों के बीच भले ही रिश्ता सौतेला हो लेकिन प्यार सगी बहनों से भी बढ़कर है. अंशुला खुद बता चुकी हैं कि जाह्नवी ने बढ़-चढ़कर उनकी शादी के रस्मों की तैयारी की हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क