90 के दशक के जाने-माने बॉलीवुड एक्टर दीपक तिजोरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बड़ी कामयाबी अपने नाम की है. फ्रांस में चल रहे फ्रेंच रिवेरा फिल्म फेस्टिवल (कान्स) में दीपक तिजोरी को 'बेस्ट एक्टर' के अवॉर्ड से नवाजा गया है. उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान डायरेक्टर जो राजन के डायरेक्शन में बनी अंग्रेजी शॉर्ट फिल्म 'Echoes Of Us' में उनकी बेहतरीन और दमदार एक्टिंग के लिए मिला है.
अब कमर्शियल बॉलीवुड सिनेमा से अलग हटकर इंडिपेंडेंट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों में अपनी किस्मत आजमा रहे दीपक तिजोरी के करियर के लिए यह अवॉर्ड एक बहुत बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है.
अंग्रेजी फिल्मों के लिए 21वां बेस्ट एक्टर अवॉर्ड
दीपक तिजोरी के इस सफर में सबसे दिलचस्प बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उनका पहला अवॉर्ड नहीं है. सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसी अंग्रेजी भाषा की शॉर्ट फिल्म के लिए दीपक तिजोरी का यह कुल 21वां 'बेस्ट एक्टर' अवॉर्ड है. पिछले कुछ सालों में उन्होंने लगातार ऐसे प्रोजेक्ट्स और इंटरनेशनल डायरेक्टर्स के साथ काम करना चुना है, जो लीक से बिल्कुल हटकर हों. यही वजह है कि आज ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल सर्किट में उन्होंने बतौर कलाकार अपनी एक बेहद मजबूत और अलग पहचान बना ली है.
यूलिया वंतूर ने किया एक्टिंग डेब्यू
शॉर्ट फिल्म 'Echoes Of Us' सिर्फ दीपक तिजोरी के अवॉर्ड की वजह से ही नहीं, बल्कि अपनी अनोखी कहानी के लिए भी चर्चा में है. इस फिल्म ने अमेरिका और यूरोप के कई बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में पहले ही काफी धूम मचा रखी है. खास बात यह है कि इस शॉर्ट फिल्म के जरिए यूलिया वंतूर ने भी एक्टिंग की दुनिया में अपना पहला कदम रखा है. अपनी कसी हुई स्क्रिप्ट और कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस के दम पर यह फिल्म दुनिया भर में कई अवॉर्ड्स और क्रिटिक्स की तारीफें बटोर चुकी है.
पूजा बत्रा ने किया है प्रोड्यूस
एक्ट्रेस पूजा बत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई इस शॉर्ट फिल्म की ऑफिशियल फेस्टिवल स्क्रीनिंग कान्स फेस्टिवल सीजन के दौरान 14 मई, 2026 को 'Palais C' में रखी गई थी. आपको बता दें कि फ्रेंच रिवेरा फिल्म फेस्टिवल, हालांकि मुख्य कान्स फिल्म फेस्टिवल की लाइनअप से थोड़ा अलग है, लेकिन दुनिया भर की शॉर्ट फिल्मों, नई कहानियों और उभरते हुए फिल्ममेकर्स को बढ़ावा देने के मामले में इस फेस्टिवल का अपना एक बहुत बड़ा नाम और रुतबा है.
ब्लैक और गोल्डन ब्लेजर में बिखेरा जलवा
कान्स में सिर्फ अवॉर्ड जीतना ही नहीं, बल्कि दीपक तिजोरी का अंदाज भी वहां मौजूद हर शख्स के आकर्षण का केंद्र बन गया. वह वहां आयोजित 'Carlton Cannes Fashion Event' में मशहूर डिजाइनर इशिका जैन के शोस्टॉपर के रूप में रैंप पर उतरे. ब्लैक और गोल्डन कलर के शानदार ब्लेज़र में दीपक बेहद हैंडसम लग रहे थे.
बता दें कि दीपक तिजोरी ने 1990 के दशक में 'आशिकी', 'कभी हां कभी ना' और 'जो जीता वही सिकंदर' जैसी कई सुपरहिट हिंदी फिल्मों में काम किया है. इसके अलावा शाहरुख खान की अंजाम में भी उन्होंने अपने रोल से लोगों का दिल जीता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क