शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म कॉकटेल 2 काफी चर्चाओं के बीच थिएटर्स में पहुंची थी. मेकर्स ने फिल्म के प्रमोशन में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी और न ही स्टार्स ने फिल्म के लिए माहौल बनाने में कोई सुस्ती दिखाई. लेकिन पहले वीकेंड में दमदार कमाई करने के बाद यह फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर स्लो पड़ती चली गई.
अब हाल यह है कि इस वीकेंड में कॉकटेल 2 का कलेक्शन मैं वापस आऊंगा के जितना रहा, जो न तो मसाला फिल्म है और तीन हफ्ते पुरानी भी है. शाहिद की फिल्म का ज्यादा नुकसान अक्षय कुमार की कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल ने किया है.
पहले वीकेंड में 47 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन करने के बाद, हफ्ते के बीच में कॉकटेल 2 का कलेक्शन लगातार गिरता चला गया. सस्ते टिकट ऑफर वाले मंगलवार को भी फिल्म की कमाई नहीं बढ़ी और गुरुवार तक आते-आते डेली कलेक्शन 4 करोड़ रुपये की रेंज में पहुंच गया.
ऐसे में 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी कॉकटेल 2 को दमदार कमाई के लिए दूसरे वीकेंड में अच्छे जंप की जरूरत थी. लेकिन गुरुवार को पेड-प्रीव्यू शोज के साथ थिएटर्स में पहुंची अक्षय की कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल ने आते ही धमाका करना शुरू कर दिया. इस धमाके में मैं वापस आऊंगा इसलिए बची रही क्योंकि इसे खुद जनता ने सपोर्ट किया है, लेकिन कॉकटेल 2 जंप लेने की बजाय और स्लो पड़ गई.
शुक्रवार को 4 करोड़ रुपये कमाने के बाद शनिवार का जंप मिसिंग रहा और कलेक्शन 4.25 करोड़ रुपये ही रहा. संडे को यह आंकड़ा बहुत मामूली सा बढ़कर 4.40 करोड़ रुपये तक चला गया. यह संडे बॉक्स ऑफिस पर कॉकटेल 2 का 10वां दिन था और मैं वापस आऊंगा का 17वां, लेकिन बिना किसी पॉपुलर मसाले या सुपरस्टार नाम के आई मैं वापस आऊंगा ने संडे को 4.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
जबकि संडे को मैं वापस आऊंगा के शोज, कॉकटेल 2 के मुकाबले आधे थे. इस वीकेंड जहां शाहिद की फिल्म का कलेक्शन 12.65 करोड़ रुपये रहा, वहीं मैं वापस आऊंगा ने 11.5 करोड़ रुपये का वीकेंड कलेक्शन किया, जो इससे बहुत पीछे नहीं है.
कॉकटेल 2 का रिपोर्टेड बजट 150 करोड़ रुपये है. यह रिलेशनशिप के पंगों पर बनी अर्बन फिल्म है जिसे शुरुआती रिस्पॉन्स अच्छा मिला था. इसलिए दूसरे हफ्ते में जनता का सपोर्ट इसे बॉक्स ऑफिस पर सॉलिड कमाई करवा सकता था. लेकिन दूसरे वीकेंड में ही कॉकटेल 2 का एकदम बैठ जाना, इसके टोटल लाइफटाइम कलेक्शन के लिए अच्छा नहीं है. 10 दिनों में फिल्म ने सिर्फ 83 करोड़ रुपये का ही नेट कलेक्शन किया है. अब देखना है कि आने वाले दिनों में शाहिद की फिल्म वापसी कर पाती है या नहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क