हाल ही के दिनों में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज़ (FWICE) ने सुपरस्टार रणवीर सिंह के खिलाफ 'असहयोग' (Non-cooperation) का निर्देश जारी कर दिया है. यह कड़ा कदम तब उठाया गया, जब रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले मच-अवेटेड फिल्म 'डॉन 3' को छोड़ दिया. हालांकि, बॉलीवुड में ऐन वक्त पर फिल्मों को छोड़ना या स्टार्स का बदला जाना कोई नई बात नहीं है. इतिहास गवाह है कि कई बार बड़े-बड़े सुपरस्टार्स या तो क्रिएटिव मतभेदों के चलते प्रोजेक्ट्स से बाहर हुए हैं या उन्होंने निजी कारणों से आखिरी मौके पर खुद ही पैर पीछे खींच लिए.
यहां तक कि 'डॉन 3' में रणवीर के अपोजिट कास्ट की गईं कियारा आडवाणी को लेकर भी अफवाहें गर्म हैं कि साल 2025 में अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा के बाद उन्होंने भी इस बड़ी फिल्म से किनारा कर लिया है. ऐसे में नजर डालते हैं बॉलीवुड के उन बड़े विवादों और वाकयों पर, जब सुपरस्टार्स ने ऐन वक्त पर बड़े प्रोजेक्ट्स छोड़े या उन्हें रिप्लेस कर दिया गया.
सलमान खान की 'इंशाअल्लाह' का अधूरा सपना
फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली और सलमान खान की जोड़ी ने आखिरी बार साल 1999 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में साथ काम किया था. सालों बाद यह जोड़ी भंसाली की मचअवेटेड फिल्म 'इंशाअल्लाह' के लिए दोबारा साथ आने वाली थी, जिसमें सलमान के साथ आलिया भट्ट को लीड रोल में कास्ट किया गया था. इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर फैंस बेहद एक्साइटेड थे, लेकिन अगस्त 2019 में अचानक खबर आई कि फिल्म को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है. रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान और संजय लीला भंसाली के बीच कुछ क्रिएटिव मतभेद हो गए थे, जिसके चलते यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया.
कार्तिक आर्यन और 'दोस्ताना 2' का विवाद
बॉलीवुड का सबसे चर्चित रिप्लेसमेंट तब देखने को मिला जब अप्रैल 2021 में कार्तिक आर्यन को करण जौहर की फिल्म 'दोस्ताना 2' से अचानक बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. खबरों के मुताबिक, शूटिंग शेड्यूल में टकराव और कार्तिक के कथित गैर-पेशेवर (Non-professional) रवैये के आरोपों के बाद धर्मा प्रोडक्शंस ने यह सख्त फैसला लिया था. हैरान करने वाली बात यह थी कि कार्तिक को फिल्म से तब निकाला गया जब वह एक्ट्रेस जान्हवी कपूर के साथ फिल्म के लिए करीब 20 दिनों की शूटिंग पूरी कर चुके थे.
श्रद्धा कपूर की 'साइना' बायोपिक से विदाई
बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल की जिंदगी पर बनी बायोपिक फिल्म 'साइना' (2021) के लिए श्रद्धा कपूर ही मेकर्स की पहली और आखिरी पसंद थीं. श्रद्धा ने इस स्पोर्ट्स ड्रामा के लिए बैडमिंटन कोर्ट पर पसीना बहाते हुए काफी कड़ी ट्रेनिंग भी ली थी. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, श्रद्धा अचानक डेंगू की चपेट में आ गईं और उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई. इसके बाद मेकर्स को मजबूरी में श्रद्धा की जगह परिणीति चोपड़ा को फिल्म में लेना पड़ा. बाद में फिल्म के डायरेक्टर अमोल गुप्ते ने इस बात को स्वीकार किया था कि श्रद्धा की खराब सेहत के कारण उनके लिए लंबे और थका देने वाले घंटों तक बैडमिंटन की कोर्ट पर ट्रेनिंग करना मुमकिन नहीं रह गया था.
प्रियंका चोपड़ा ने छोड़ी 'भारत'
हॉलीवुड में 'क्वांटिको', 'बेवॉच' और 'ए किड लाइक जेक' जैसे इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स करने के बाद प्रियंका चोपड़ा ने डायरेक्टर अली अब्बास जफर की फिल्म 'भारत' से बॉलीवुड में अपनी बड़ी वापसी का एलान किया था. इस फिल्म में उनके साथ सलमान खान मुख्य भूमिका में थे. लेकिन ऐन वक्त पर प्रियंका ने इस बिग बजट फिल्म को अलविदा कह दिया. शुरुआत में कहा गया कि उन्होंने निक जोनस के साथ अपनी शादी की तैयारियों की वजह से यह कदम उठाया है, लेकिन बाद में कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि प्रियंका ने फरहान अख्तर के साथ फिल्म 'डी स्काई इज पिंक' की शूटिंग को ज्यादा तवज्जो दी.
ऐश्वर्या राय भी कई फिल्मों से बाहर
ऐश्वर्या राय के करियर में रिप्लेसमेंट के कई बड़े वाकये हुए. साल 2003 में आई फिल्म 'चलते चलते' में वह शाहरुख खान के साथ काम कर रही थीं, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके तत्कालीन बॉयफ्रेंड सलमान खान द्वारा सेट पर आकर हंगामा करने की वजह से मेकर्स ने ऐश्वर्या की जगह रानी मुखर्जी को फिल्म में रख लिया. सिमी गरेवाल के टॉक शो में ऐश्वर्या ने खुद कबूल किया था कि उन्हें 'चलते चलते' और 'वीर-जारा' (जिसमें बाद में प्रीति जिंटा नजर आईं) जैसी फिल्मों से बिना किसी स्पष्ट वजह के अचानक बाहर कर दिया गया था. इसके अलावा मधुर भंडारकर की फिल्म 'हीरोइन' के लिए भी ऐश्वर्या ही पहली पसंद थीं, लेकिन बेटी आराध्या बच्चन के गर्भ में आने (प्रेग्नेंसी) के बाद उन्होंने खुद इस फिल्म से दूरी बना ली, जिसके बाद करीना कपूर को कास्ट किया गया.
करीना कपूर
बहुत कम लोग जानते हैं कि ऋतिक रोशन की ब्लॉकबस्टर डेब्यू फिल्म 'कहो ना प्यार है' (2000) में सबसे पहले करीना कपूर को ही कास्ट किया गया था, जिसका निर्देशन ऋतिक के पिता राकेश रोशन कर रहे थे. हालांकि, फिल्म की शूटिंग शुरू होने के आसपास ही करीना की मां बबीता और डायरेक्टर राकेश रोशन के बीच कुछ क्रिएटिव मतभेद हो गए.
बात इतनी बढ़ गई कि करीना ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया. इसके बाद राकेश रोशन ने अमीषा पटेल को लॉन्च किया, जो रातों-रात स्टार बन गईं. हालांकि करीना कपूर ने भी उसी साल अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म 'रिफ्यूजी' से बॉलीवुड में अपना सफल डेब्यू किया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क