इंडियन आइडल टेलीविजन का लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो है. इस शो ने कई छोटे-बड़े शहरों के आम लोगों को बड़ी पहचान दी है. बस शर्त इतनी है कि आप में गाने का हुनर होना चाहिए.
इन्हीं चंद नामों में एक नाम वैभव गुप्ता का भी है. वैभव गुप्ता... नाम तो याद है ना? ये वही वैभव हैं, जो अपने सपनों को पूरा करने कानपुर की गलियों से निकलकर मुंबई पहुंच गए थे.
मुंबई शहर में उन्हें इंडियन आइडल जैसे मंच पर अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिला. जजेस से लेकर ऑडियंस तक ने वैभव की गायिकी को सराहा.
वैभव इंडियन आइडल 14 का हिस्सा थे. शो पर आने वाले गेस्ट भी उनकी आवाज के मुरीद हो जाते थे. यही वजह रही कि अंत में शो की ट्रॉफी उनकी झोली में आ गिरी.
इंडियन आइडल जीतने के 2 साल बाद वैभव को बॉलीवुड में बड़ा ब्रेक मिला है. उन्होंने आदित्य धर की फिल्म धुरंधर द रिवेंज से डेब्यू किया है.
वैभव गुप्ता ने धुरंधर के 'मन अटकेया' गाने को अपनी आवाज दी है. द प्रिंट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि शाश्वत सचदेव के मार्गदर्शन में मैंने ये गाना गाया है. मेरा इससे अच्छा डेब्यू नहीं हो सकता था.
'मन अटकेया' गाना सबसे पहले नुसरत फतेह अली खान ने गाया था. अब गाने को रीक्रिएट करके धुरंधर में इस्तेमाल किया गया है. वैभव गुप्ता के साथ इस गाने को शहजाद अली, टोकन और शाश्वत सचदेव ने भी गाया है.
धुरंधर के बाद वैभव 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसी मूवी के लिए गाना गाएंगे. सिंगर की इंस्टाग्राम प्रोफाइल बताती है कि इंडियन आइडल जीतने के बाद उन्होंने खुद पर काफी काम किया है.
कभी कानपुर की गलियों में घूमने वाले वैभव अब मुंबई की लाइफ में ढल चुके हैं. वो यूपी के देसी लड़के से एक स्टाइलिश सिंगर बन गए हैं.
धुरंधर म्यूजिक लॉन्च इवेंट में भी वैभव ने अपनी आवाज से सबको क्रेजी कर दिया था. उन्होंने बड़ा मौका देने के लिए आदित्य धर का शुक्रिया भी अदा किया.
All Photos: Instagram @vaibhavgupta_sings