अनुपम खेर और किरण खेर की लव स्टोरी लगभग हर किसी को पता है. पर शायद ही किसी को उनकी पहली पत्नी के बारे में पता होगा.
आइए जानते हैं कि अनुपम खेर की पहली शादी किससे हुई थी और वो पत्नी से क्यों अलग हुए. किरण खेर से पहले अनुपम खेर ने एक्ट्रेस मधुमालती कपूर से शादी की थी.
अनुपम खेर के भाई और एक्टर राजू खेर ने उनकी पहली शादी से जुड़ा हैरान करने वाला खुलासा किया. सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में राजू खेर ने बताया कि अनुपम और मधुमालती करीब दो-तीन साल से रिश्ते में थे.
दोनों ने लखनऊ के एक मंदिर में अचानक शादी करने का फैसला किया. परिवार का कोई सदस्य इस शादी में शामिल नहीं हुआ था.
राजू खेर के मुताबिक, शादी के अगले ही दिन अनुपम खेर वहां से चले गए. उन्होंने कहा था कि वो इस रिश्ते में नहीं रह सकते. राजू ने बताया कि परिवार को तो इस शादी की जानकारी भी नहीं थी, क्योंकि घर से कोई व्यक्ति विवाह में मौजूद नहीं था.
पहले कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अनुपम और मधुमालती की शादी करीब एक साल चली थी, लेकिन राजू खेर के अनुसार ये रिश्ता महज एक-दिन में ही खत्म हो गया था.
राजू खेर ने शादी टूटने की कोई पक्की वजह नहीं बताई. उन्होंने साफ कहा कि अनुपम और मधुमालती के बीच वास्तव में क्या हुआ, यह सिर्फ दोनों ही जानते हैं. अनुपम खेर से अलग होने के बाद मधुमालती कपूर ने लेखक-निर्देशक रंजीत कपूर से शादी कर घर बसा लिया.
मधुमालती कपूर ने फिल्मों के साथ-साथ टीवी की दुनिया में भी काम किया है. वो गदर: एक प्रेम कथा, द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई और सोनू के टीटू की स्वीटी जैसी मूवीज में काम कर चुकी हैं.
All Photos: Instagram @anupampkher/@madhumaltikapoor