मुंबई में 28 अप्रैल को एक्टर जुनैद खान की आने वाली फिल्म 'एक दिन' की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई. इसमें जुनैद के परिवार के सदस्य उनका सपोर्ट करने पहुंचे. आमिर खान की पूरी फैमिली साथ में फिल्म देखने के लिए जाती नजर आई.
यहां आमिर खान खुद अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ पहुंचे थे. उनकी बेटी आयरा खान और दामाद नुपुर शिखरे को उनके साथ थे. आयरा और गौरी को इस मौके पर गर्मजोशी से गले लगते हुए देखा गया.
सोशल मीडिया पर सभी की वीडियो वायरल हो रही है. इसमें जुनैद को स्क्रीनिंग से पहले जुहू में अपने परिवार से मिलते हुए देखा गया है. एक वीडियो में आयरा और नुपुर, जुनैद, आमिर और गौरी को प्यार से गले लगा रहे हैं. आमिर और गौरी एक-दूसरे का हाथ थामे हुए नजर आए और परिवार को गले लगाते समय भी उन्होंने हाथ नहीं छोड़ा. दोनों स्क्रीनिंग हॉल की तरफ भी हाथ में हाथ डाले हुए ही गए.
एक और वीडियो में पूरी फैमिली स्क्रीनिंग से सभी सदस्यों ने मिलकर पहले साथ में फोटो खिंचवाई. नुपुर, आयरा, जुनैद, गौरी और आमिर मुस्कुराते हुए पैपराजी के लिए पोज दे रहे थे. नुपुर और आयरा ने साथ में भी फोटो खिंचवाईं, जबकि जुनैद और आमिर दोनों का आराम से खड़े इंतजार करते रहे.
फिल्म 'एक दिन' में जुनैद खान के साथ साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी नजर आने वाली हैं. हाल ही में आमिर खान फिल्म देखते हुए भावुक हो गए थे. फिल्म के लीड एक्टर्स को उन्हें समझाते और सांत्वना देते हुए देखा गया. आमिर ने कहा था, 'साई ने इतना शानदार काम किया है कि आप देखकर हैरान रह जाएंगे. मेरे लिए आज हमारे देश की सबसे बेहतरीन एक्ट्रेस साई ही हैं.'
बेटे जुनैद खान के बारे में बात करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, 'जुनैद ने भी ठीक-ठाक काम किया है. वो मेरा बेटा है तो ज्यादा कुछ बोल नहीं सकता.' उन्होंने आगे कहा, 'दरअसल फिल्म के सभी कलाकारों ने बहुत अच्छा काम किया है और मैं उनके लिए बहुत खुश हूं.'
'एक दिन' फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है. इसे मंसूर खान, आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. यह 2016 में आई थाई फिल्म 'One Day' का रीमेक है. कहानी एक लड़के की है जो अपनी ऑफिस की कलीग से प्यार कर बैठता है, लेकिन अपनी फीलिंग्स को बयां करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता. वह बस एक दिन के लिए उसके साथ रहना चाहता है और यह इच्छा एक आश्चर्यजनक तरीके से पूरी हो जाती है.
ये साई पल्लवी की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म है, जबकि जुनैद खान की यह 'लवयापा' (2025) के बाद दूसरी थिएट्रिकल रिलीज है. फिल्म 1 मई को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है. इसकी एडवांस बुकिंग रिलीज से 39 दिन पहले ही शुरू हो गई थी.
All Photos: Yogen Shah