केरल चुनाव में CPM 86 सीटों पर लड़ेगी, धर्मदम सीट से मैदान में CM पिनाराई विजयन

सीपीआई(एम) केरल की 140 में से 86 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी ने अपने 56 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन कन्नूर जिले की धर्मदम सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे. वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के.के. शैलजा इस बार पेरावूर सीट से चुनाव लड़ेंगी. केरल में 9 अप्रैल को मतदान है.

Advertisement
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन आगामी विधानसभा चुनाव में कुन्नूर की धर्मदम सीट से चुनाव लड़ेंगे. (Photo: X/@CPIM) केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन आगामी विधानसभा चुनाव में कुन्नूर की धर्मदम सीट से चुनाव लड़ेंगे. (Photo: X/@CPIM)

शिबिमोल

  • तिरुवनंतपुरम,
  • 15 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:37 PM IST

केरल (केरलम) में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. सत्ताधारी दल सीपीआई-एम (Communist Party of India - Marxist)  ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अपने उम्मीदवारों को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है. पार्टी ने घोषणा की है कि वह राज्य की 140 सदस्यीय विधानसभा में से 86 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इनमें से 56 मौजूदा विधायकों को एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया गया है. बाकी की 54 सीटें सीपीआई-एम के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) में शामिल अन्य सहयोगी दलों के खाते में जाएंगे. 

Advertisement

सीपीआई-एम के पोलित ब्यूरो सदस्य और मौजूदा मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन (Pinarayi Vijayan) इस बार भी कन्नूर जिले की धर्मदम विधानसभा सीट (Dharmadom) से चुनाव लड़ेंगे. यह निर्वाचन क्षेत्र सीपीआई-एम का पारंपरिक गढ़ माना जाता है और पिछले चुनाव में भी मुख्यमंत्री विजयन ने यहां से जीत हासिल की थी. वहीं, राज्य की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ नेता के. के. शैलजा इस बार कन्नूर जिले की पेरावूर विधानसभा सीट (Peravoor) से चुनाव लड़ेंगी. पिछली बार वह मट्टनूर सीट से रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी. पेरावूर सीट फिलहाल सन्नी जोसेफ के पास है, जो केरल कांग्रेस प्रदेश कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष भी हैं.

यह भी पढ़ें: बंगाल से तमिलनाडु और असम से केरल तक... किस दल की क्या चुनावी चुनौती? 5 राज्यों का समझें गणित

सीपीआई-एम के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया गया है. उन्होंने बताया कि सीपीआई-एम पोलित ब्यूरो की बैठक में यह तय किया गया कि पोलित ब्यूरो का एक सदस्य चुनाव लड़ेगा और उसी के तहत मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को मैदान में उतारा गया है. केरल विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल, 2026 को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 4 मई को होगी. बता दें कि केरल विधानसभा में 140 सीटें हैं.

Advertisement

निर्वाचन आयोग ने असम और पुडुचेरी में भी इसी दिन मतदान कराने का ऐलान किया है, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल और पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होंगे. इन राज्यों के चुनाव नतीजे भी 4 मई को घोषित होंगे. सीपीआई सांसद पी. संदोष कुमार ने विश्वास जताया कि केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) तीसरी बार सत्ता में वापसी कर इतिहास रचेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के उम्मीदवार पहले से ही मैदान में सक्रिय हैं और आने वाले दिनों में एलडीएफ राज्यभर में जोरदार चुनाव प्रचार करेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement