केरल चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF को मिली बड़ी जीत के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को राज्य के लोगों को उनके जबरदस्त समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उनके लिए एक बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में पूरी लगन से काम करने का वादा किया.
X पर एक पोस्ट में, गांधी ने कहा, 'केरलम में मेरे सभी भाइयों और बहनों, आपके भरोसे और आपके जबरदस्त समर्थन के लिए धन्यवाद. आपने हम पर जो भरोसा जताया है, वह UDF के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति का काम करेगा, क्योंकि हम आप में से हर एक के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में कड़ी मेहनत करेंगे.'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले पांच साल के हर दिन जब हम पूरी ईमानदारी और विनम्रता के साथ आपसे किए गए अपने वादों को पूरा करने की कोशिश करेंगे, तो आपके प्रति हमारी कृतज्ञता साफ दिखाई देगी.'
वायनाड की 7 सीटों पर जीत
वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, 'वायनाड में मेरे परिवार आपने एक जबरदस्त जनादेश के साथ UDF में अपना भरोसा फिर से मजबूत किया है. 7 में से 7 सीटें दे दी!! अब आपके पास 8 कैंडिडेट हैं जो वायनाड के विकास के लिए मिलकर काम कर रहे हैं! हम आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे.'
प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को दिया धन्यवाद
प्रियंका गांधी ने पोस्ट में लिखा, 'UDF के उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिन्होंने एक एकजुट और प्रगतिशील केरलम का हमारा संदेश हर घर तक पहुंचाने के लिए दिन-रात काम किया, मेरी तरफ से हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और आपके अथक प्रयासों के लिए आभार.'
किसे मिली कितनी सीटें
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, केरल में कांग्रेस ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की, CPI)(M) 26, इंडियन मुस्लिम लीग 22, CPI 8, केरल कांग्रेस 7, RSP 3, BJP 3, RJD 1, RMPOI, 1, KEC(J) 1, CMPKSC 1, इंडिपेंडेंट ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की. केरल में विधानसभा की 140 सीटें हैं. राज्य में LDF के एक दशक के शासन के बाद UDF अब सरकार बनाने के लिए तैयार है.
aajtak.in