'रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले माफी मांगकर अयोध्या आएं', CM योगी का अखिलेश पर निशाना

CM योगी ने कहा जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं और संतों को अपमानित करके उन पर लाठीचार्ज किया, वे लोग अयोध्या आएं, लेकिन माफी मांगकर आएं.

Advertisement
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में पहले 3 घंटे बिजली मिलती थी. आज अयोध्या देश की स्मार्ट सिटी है. (Photo: ITG) सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में पहले 3 घंटे बिजली मिलती थी. आज अयोध्या देश की स्मार्ट सिटी है. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:27 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि अयोध्या की लगातार उपेक्षा की गई और भगवान राम के अस्तित्व को नकारा गया. उन्होंने कहा, 'जिन लोगों ने अयोध्या की उपेक्षा की, उसका अपमान किया, राम भक्तों पर गोलियां चलाईं और संतों को अपमानित करके उन पर लाठीचार्ज किया, वे लोग अयोध्या आएं जरूर, लेकिन माफी मांगकर आएं.

सीएम योगी ने सपा नेता अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने न्यायालय में वकीलों की फौज खड़ी कर दी थी, आज कम से कम उनको इतनी सद्बुद्धि आई है कि वे राम के अस्तित्व को स्वीकार कर पा रहे हैं. यह हमारी वैचारिक विजय है.

Advertisement

उन्होंने कहा, 'राम ने सबको अपनाया था, लेकिन कोई मारीच बनकर आता है तो वह राम के बाणों से बच भी नहीं पाएगा.'

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में पहले 3 घंटे बिजली मिलती थी. आज अयोध्या देश की स्मार्ट सिटी भी है और सोलर सिटी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी है. अयोध्या के मार्ग धर्मपथ, भक्तिपथ, श्रीराम पथ और जन्मभूमि पथ दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं.

यूपी के सीएम ने कहा कि आप श्रीराम जन्मभूमि परिसर में जाइए. वहां महर्षि वाल्मीकि का मंदिर है, महर्षि विश्वामित्र का मंदिर है, माता शबरी का भी मंदिर है और गिरिराज जटायु भी जन्मभूमि परिसर में विराजमान हैं.

उन्होंने आगे कहा कि आज अयोध्या में क्या नहीं है, त्रेता युग में प्रभु राम पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे. हजारों वर्ष बीत गए, लेकिन अयोध्या में कभी एयरपोर्ट नहीं बन पाया. आज अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट है.

Advertisement

जब अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना तो प्रधानमंत्री मोदी ने उसका नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा. महर्षि वाल्मीकि ने राम से हमारा साक्षात्कार कराया.

सीएम योगी ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या के विकास के लिए लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं या तो पूरी कर चुकी है या उन पर काम कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »