scorecardresearch
 

How To Make Floating Diya: दिवाली पर कांच के गिलास और एल्युमीनियम फॉयल से बनाएं तैरता दीया, बस चाहिए 4 चीजें

How To Make Floating Diya: इस दिवाली घर को कुछ अलग और खूबसूरत अंदाज में सजाना चाहती हैं तो पानी में तैरने वाला फ्लोटिंग दीया बनाएं. एल्युमिनियम फॉयल, तेल, रुई की बाती और कांच के गिलास की मदद से इसे घर पर आसानी से तैयार कर सकती हैं. जानें इसे बनाने का आसान तरीका.

Advertisement
X
घर पर फ्लोटिंग दीया बनाने के लिए पानी में तेल डालना होता है. (Photo: ITG)
घर पर फ्लोटिंग दीया बनाने के लिए पानी में तेल डालना होता है. (Photo: ITG)

How To Make Floating Diya: दिवाली पर घर को सजाने के लिए लोग तरह-तरह की लाइट्स, कैंडल और डिजाइनर दीये खरीदते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर में रखे साधारण से कांच के गिलास को भी खूबसूरत डेकोरेशन पीस बनाया जा सकता है? इस बार दिवाली पर कुछ अलग और बढ़िया डेकोरेशन करना चाहते हैं, तो घर पर फ्लोटिंग दीया बना सकते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए आपको बाजार से महंगे सामान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रोटी लपेटने वाले एल्युमिनियम फॉयल, तेल और रुई की बाती जैसी आम चीजों से इसे आसानी से बनाया जा सकता है. जब पानी से भरे कांच के गिलास में यह दीया जलता है, तो इसकी रोशनी बेहद खूबसूरत लगती है. इसे देखकर घर आने वाले मेहमान भी आपकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे. चलिए जानते हैं कैसे बनाते हैं फ्लोटिंग दीया और आपको इसके लिए किस-किस सामान की जरूरत होगी.

फ्लोटिंग दीया बनाने के लिए क्या-क्या सामान चाहिए?
इस खूबसूरत दीये को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान इकट्ठा करने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद इन चीजों की मदद से इसे तैयार कर सकती हैं.

  • एक कांच का गिलास या टंबलर
  • एल्युमिनियम फॉयल
  • रुई की बाती
  • खाने वाला तेल या दीये का तेल
  • साफ पानी
  • गेंदे या गुलाब के फूल और पंखुड़ियां (डेकोरेशन के लिए)

पानी में तैरने वाला दीया बनाने का आसान तरीका

1. सबसे पहले गिलास को सजाएं:
एक साफ और पारदर्शी कांच का गिलास लें. अब इसमें गेंदे के फूल या गुलाब की पंखुड़ियां डालें. आप चाहें तो अपनी पसंद के दूसरे फूलों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. फूलों को गिलास के निचले हिस्से में अच्छी तरह जमा दें, ताकि पानी डालने पर वे ऊपर न तैरने लगें.

2. अब गिलास में पानी और तेल डालें: गिलास में धीरे-धीरे पानी भरें. ध्यान रखें कि इसे पूरा न भरें, ऊपर थोड़ी जगह खाली छोड़ दें. अब पानी के ऊपर तेल की एक लेयर डालें. तेल पानी से हल्का होता है, इसलिए तेल पानी के ऊपर ही तैरता रहेगा.

Advertisement

3. एल्युमिनियम फॉयल से बनाएं दीये का स्टैंड: अब एल्युमिनियम फॉयल का एक छोटा सा गोल टुकड़ा काट लें. इसके बीच में एक छोटा छेद करें और उसमें रुई की बाती निकाल दें. फॉयल का ये टुकड़ा पानी और तेल की ऊपरी लेयर पर तैरने वाले छोटे स्टैंड की तरह काम करेगा.

4. बाती को तेल में सेट करें: अब एल्युमीनियम फॉयल में लगी बाती को बहुत ध्यान से तेल की ऊपरी लेयर पर रख दें. ध्यान रखें कि बाती का निचला हिस्सा तेल के कॉन्टैक्ट में रहे, ताकि वह तेल सोख सके. इसके बाद बाती को जलाएं. आपका खूबसूरत फ्लोटिंग दीया तैयार है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Bini (@aura.of.happiness)

इन जगहों पर रखें फ्लोटिंग दीये, घर को मिलेगा खूबसूरत लुक
इस तरह तैयार किए गए फ्लोटिंग दीयों को आप घर के अलग-अलग कोनों में डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें लिविंग रूम की सेंटर टेबल पर एक साथ अलग-अलग आकार के गिलासों में रख सकते हैं. इसके अलावा पूजा घर के आसपास, घर के मेन गेट के पास या बालकनी में भी सजाया जा सकता है. अगर आप एक बड़े कांच के बाउल में कई फ्लोटिंग दीये सजाती हैं, तो उसमें फूलों की पंखुड़ियां डालकर और भी खूबसूरत लुक दे सकती हैं.

इन बातों का रखें ध्यान: फ्लोटिंग दीया बनाते समय गर्मी सहने वाला कांच का बर्तन इस्तेमाल करें. इसे पर्दों, कागज, कपड़ों और दूसरी आग पकड़ने वाली चीजों से दूर रखें. जलते हुए दीये को कभी भी अकेला न छोड़ें और सोने से पहले इसे बुझा दें.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement