अखिलेश ने बताया सपा का चुनावी प्लान, पुरानी पेंशन से मदरसों तक कई बड़े ऐलान

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि अगर 2027 में उनकी सरकार बनती है तो वो पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेंगे. उन्होंने शिक्षकों के हितों, मदरसों के विकास और किसानों को उचित मुआवजा देने का भी वादा किया है. इस दौरान अखिलेश ने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के मुद्दे पर सरकार का घेराव किया और बीजेपी को 'भारतीय जमीन पार्टी' बताया.

Advertisement
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोला. (Photo: PTI) अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोला. (Photo: PTI)

समर्थ श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 28 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:11 PM IST

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी बयानबाजी और दावे तेज हो गए हैं. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया है कि आने वाले समय में प्रदेश में उनकी सरकार बनने जा रही है. उन्होंने ऐलान किया है कि सपा सरकार बनने के बाद सबसे पहले पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाएगा.

अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम को किस तरह से फाइनेंस किया जाएगा, इसका पूरा प्लान पार्टी के पास तैयार है और समय आने पर इसे लागू कर दिया जाएगा.

Advertisement

पार्टी के आगामी घोषणा पत्र को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार मेनिफेस्टो में शिक्षकों के हितों का खास ध्यान रखा जाएगा. वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को भी पूरी तरजीह दी जाएगी.

एडवांस मदरसे बनाने का वादा

अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मदरसों के साथ हमेशा भेदभाव वाला रवैया अपनाया गया है. सपा की सरकार आने पर एडवांस मदरसे बनाए जाएंगे और शिक्षकों का रुका हुआ बकाया वेतन भी दिलाया जाएगा. इसके अलावा, संस्कृत पढ़ाने वाले शिक्षकों की समस्याओं का भी स्थायी समाधान निकाला जाएगा.

बीजेपी को बताया 'भारतीय जमीन पार्टी'

बीजेपी पर तंज कसते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी हर चीज की नकल करती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब उन्होंने कहीं जिक्र किया कि वो 'भजन जैमिंग' करेंगे, तो इन लोगों ने तुरंत उसकी नकल कर ली. बीजेपी और मौजूदा सरकार को सबसे बड़ी भू-माफिया पार्टी करार देते हुए उन्होंने कहा कि ये असल में 'भारतीय जमीन पार्टी' बन चुकी है.

Advertisement

ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की जमीन का सर्कल रेट बढ़ाना चाहिए और उन्हें बाजार के हिसाब से सही कीमत मिलनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे पर सवाल उठाया जिसमें उन्होंने हजारों एकड़ जमीन माफियाओं से मुक्त कराने की बात कही थी. 

अखिलेश ने चुनौती दी कि अगर आपने 84 हजार हेक्टेयर जमीन कब्जा मुक्त कराई है, तो फिर वहीं पर इंडस्ट्री क्यों नहीं लगाते? और अगर जमीन ले रहे हैं, तो उसका सही मुआवजा मिलना चाहिए.

अलग-अलग क्षेत्रों के प्रत्याशियों का समर्थन मांगते हुए अखिलेश ने मिर्जापुर और बनारस से शिक्षा स्नातक उम्मीदवार लाल बिहारी यादव के लिए सहयोग की अपील की. इसके साथ ही लखनऊ खंड से सुशील कुमार, आगरा खंड से प्रकाश गुप्ता, मेरठ से नितिन तोमर, वाराणसी से आशुतोष सिंह और लखनऊ खाद स्नातक से कांति सिंह समेत कई अन्य उम्मीदवारों के नामों का जिक्र किया.

राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सभी सदस्यों से सलाह ले ली है और जनता को एक बड़ा 'सरप्राइज' मिलने वाला है, जिसके लिए सभी तैयार रहें. 

यह भी पढ़ें: 'अखिलेश यादव नाराज हैं तो नुकसान उनका ही होगा...', सीट शेयरिंग पर इमरान मसूद का बड़ा बयान

Advertisement

साइबर फ्रॉड के मुद्दे पर सरकार को घेरा

मायावती के ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वो किसी बहस की दिशा नहीं बदलना चाहते, बल्कि असली मुद्दों पर बात होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लखनऊ में साइबर फ्रॉड हो रहा है या नहीं? उन्होंने कहा कि यहीं के पढ़े-लिखे लोग अमेरिका तक से पैसे वसूल रहे थे और अधिकारियों में इस बात की होड़ लगी थी कि इसका क्रेडिट किसे मिले.

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि मौजूदा मुख्यमंत्री को ये तक नहीं पता कि साइबर फ्रॉड आखिर होता क्या है, और आज उत्तर प्रदेश साइबर अपराध के मामले में नंबर वन बन गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »