14 साल की उम्र में जब ज्यादातर बच्चे जेब खर्च के बारे में सीखना शुरू करते हैं, तब यश राजाराम सूर्यवंशी की दिलचस्पी बिटकॉइन में थी. बताया जाता है कि जब उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी में कदम रखा, तब इसकी कीमत करीब 968 डॉलर थी. इसके बाद उनकी रुचि शेयर बाजार, वित्तीय सलाह, स्टार्टअप निवेश और अलग-अलग देशों में कारोबार तक बढ़ती गई और अब 23 साल की उम्र में वह खुद को सोशल मीडिया पर बिजनेसमैन और निवेशक के तौर पर पेश करते हैं. उनके सोशल मीडिया पर 65,000 से अधिक
फॉलोअर्स हैं.
हाल ही में उन्होंने एक दूसरे अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उन्हें बचपन में उनकी बदमाशी और शारीरिक बनावट को लेकर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा. कॉलेज के दौरान वे डिप्रेशन से भी जूझे रहे थे जिसके लिए उन्हें इसका इलाज भी करवाना पड़ा. इसके बाद उन्होंने अपनी जिंदगी बदलने का फैसला किया.
फिर शुरू हुआ सफर
सूर्यवंशी ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि स्कूल में उनके ज्यादा दोस्त नहीं थे. कॉलेज में पढ़ाई के दौरान भी वह खुद को अकेला फील करते थे. लेकिन जब वह डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे, तब उन्होंने फैसला कर लिया था कि अब वह अपनी जिंदगी को बदल के रहेंगे. वह दिन में पढ़ाई करते और रात में तीन यूट्यूब चैनलों के लिए वीडियो एडिट करते थे. कई बार उन्हें सिर्फ तीन घंटे की नींद ही मिलती थी.
इसी दौरान उनकी दिलचस्पी फाइनेंस की दुनिया में बढ़ी. दिसंबर 2024 की इन्वेस्टअपमीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में बिटकॉइन में निवेश किया था. उस समय इसकी कीमत करीब 968 डॉलर बताई गई थी. रिपोर्ट में उनके निवेश की वैल्यू करीब 60 करोड़ रुपये और बैंकॉक में 145 स्टार्टअप में निवेश करने का भी दावा किया गया था. उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, बाद में उनकी रुचि ट्रेडिंग और शेयर बाजार में भी बढ़ी. उन्होंने टेक्नोसाइबर स्टॉक कंसल्टेंसी का जिक्र किया है और खुद को स्टॉक निवेशक और विश्लेषक बताया है.
हालांकि, उनका सफर हमेशा आसान नहीं रहा. उन्होंने बताया कि एक समय डोमेन खरीदने-बेचने और क्रिप्टो ट्रेडिंग में उनका सारा पैसा डूब गया था. इसके बाद उन्होंने खुद को नए सिरे से तैयार करने, ज्यादा सीखने और फिर से शुरुआत करने का फैसला किया.
इंटरनेशनल मार्केट तक तय किया सफर
बता दें कि सूर्यवंशी का जन्म 30 अगस्त 2003 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के चिपलुन में हुआ था. इंस्टाग्राम पर शेयर किए अपने बायो में उन्होंने खुद को वित्त सलाहकार बताया है. इसमें उन्होंने एनएमआईएमएस यूनिवर्सिटी से बीबीए, आईआईटी मद्रास से डेटा साइंस और म्यूनिख यूनिवर्सिटी से बीटेक जैसी पढ़ाई का जिक्र किया है. उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से कॉर्पोरेट फाइनेंस में डिप्लोमा लेने का भी दावा किया है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की अप्रैल 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, लॉस एंजिल्स से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी. रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने 3.88 जीपीए के साथ गोल्ड मेडल भी हासिल किया था. उन्हें मेलबर्न यूनिवर्सिटी के मेलबर्न बिजनेस स्कूल में फाइनेंस में एमबीए के लिए एडमिशन मिला था लेकिन वह डिग्री पूरी नहीं कर पाए.
(Photo: Instagram/y_a_s_h_u__the__coolboy2003)
उनकी प्रोफेशनल प्रोफाइल के मुताबिक, वे सूर्यवंशी वेंचर्स और टेक्नोसाइबर फाइनेंस कंसल्टेंसी से जुड़े हैं. सूर्यवंशी वेंचर्स को वे एक वित्तीय सलाह देने वाली कंपनी बताते हैं. उनके अनुसार, कंपनी के ग्राहकों की संख्या 2023 में 35,000 से बढ़कर 2025 में 2 लाख से ज्यादा हो गई और कारोबार 10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. कंपनी का मुख्यालय बैंकॉक में बताया गया है जबकि भारत में मुंबई, पुणे, चंडीगढ़ और हैदराबाद में इसके कार्यालय होने का दावा किया गया है.
105 करोड़ रुपये की संपत्ति, 21 करोड़ रुपये का टैक्स
हालांकि, दिसंबर 2025 तक सूर्यवंशी से जुड़ी संपत्ति का आंकड़ा काफी बढ़ गया था. इन्वेस्टअपमीडिया के इंस्टाग्राम पोस्ट में उनकी संपत्ति के बारे में जानाकारी दी गई थी और कुल वैल्यूएशन 105 करोड़ रुपये बताया गया था. इसमें पवई, गोरेगांव और बैंकॉक में अपार्टमेंट, चिपलुन में संपत्ति और बीएमडब्ल्यू एक्स5, बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज, टोयोटा फॉर्च्यूनर, थार और मर्सिडीज जीएलएस सहित कई लग्जरी कारें शामिल थीं.
(Photo: Instagram/y_a_s_h_u__the__coolboy2003)
इतना ही नहीं जारी किए गए वीडियो में सूर्यवंशी ने सूर्यवंशी वेंचर्स, अनुसया रियल एस्टेट फर्म, स्वास्तिक मार्केटिंग एजेंसी राजाराम, एक चैरिटेबल ट्रस्ट और ब्लू ईगल वेंचर कैपिटल का भी अपने कारोबारी हितों के तौर पर जिक्र किया है. उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनके पास 10 से ज्यादा महंगी गाड़ियों का कलेक्शन है. इसके अलावा मुंबई और बेंगलुरु में फ्लैट और चिपलुन में अपना घर होने की बात भी उन्होंने बताई है. उनके मुताबिक, ये सब उनकी मेहनत और अब तक के सफर का नतीजा है.
उपलब्धियों की लंबी लिस्ट
सूर्यवंशी ने अपनी प्रोफाइल और सोशल मीडिया पोस्ट में मिली सफलताओं का भी जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि वह कई संस्थानों और संगठनों के साथ जुड़े हुए हैं. इनमें एमएएचई यूनिवर्सिटी, नीति आयोग और ग्लोबल सिटिजनशिप फाउंडेशन जैसे नाम शामिल हैं. उनकी प्रोफाइल में छात्र नेतृत्व, वित्त और सामाजिक कार्य से जुड़ी भूमिकाओं का भी जिक्र किया गया है.
इतना ही नहीं उन्होंने अपनी प्रोफाइल में एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर, सीईओ ऑफ द ईयर और ट्रेडर ऑफ द ईयर जैसे सम्मान मिलने का दावा किया है. इसके अलावा उन्होंने खुद को थाईलैंड के शीर्ष तीन वित्तीय सलाहकारों में शामिल बताया है.
आजतक एजुकेशन डेस्क