NEET-PG 2026 के उम्मीदवारों को अब दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी या आखिरी समय में यात्रा की योजना नहीं बनानी पड़ेगी. केंद्र सरकार ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए कई नए नियम लागू किए हैं. अब छात्रों को घर के नजदीक परीक्षा केंद्र मिलने की संभावना, परीक्षा शहर की जानकारी पहले से मिलना, हर सवाल के लिए ज्यादा समय और परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी.
परीक्षा के पहले बदलाव का ऐलान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 30 अगस्त को होने वाली NEET-PG 2026 परीक्षा से पहले ये बदलाव किए हैं. इनका उद्देश्य परीक्षा को ज्यादा निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है, साथ ही उम्मीदवारों का तनाव कम करना है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने NEET-PG 2026 की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और तकनीक आधारित तरीके से कराई जाए.
उन्होंने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS), तकनीकी टीम और अन्य एजेंसियों के साथ तैयारियों की जानकारी ली और परीक्षा को उम्मीदवारों के लिए आसान और निष्पक्ष बनाने पर जोर दिया. बता दें कि इस साल NEET-PG 2026 के लिए कुल 2,73,183 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जो पिछले साल के मुकाबले 12.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि को दिखाता है.
घर के पास मिलेगी परीक्षा केंद्र
सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा केंद्र चुनने की प्रक्रिया में किया गया है. पहले उम्मीदवारों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर केंद्र का आवंटन होता था. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. नई व्यवस्था में उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के लिए तीन पसंदीदा राज्यों का चयन करना होगा. इसमें उम्मीदवार को अपने राज्य को पहली प्राथमिकता देना अनिवार्य होगा. मंत्रालय ने आगे कहा कि इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि उम्मीदवारों को उनके निवास स्थान के नजदीक केंद्र आवंटित किए जाएं.
पहले जो उम्मीदवार बाद में रजिस्ट्रेशन कराते थे, उन्हें अक्सर आस-पास के केंद्र पूरी तरह से बुक मिलते थे और उन्हें परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के राज्यों में जाना होता था. उम्मीदवारों को 30 अगस्त को होने वाली परीक्षा से लगभग तीन सप्ताह पहले उनके लिए आवंटित परीक्षा शहर के बारे में भी जानकारी मिलेगी जिससे उन्हें यात्रा और आवास की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा.
अब तक उम्मीदवारों को अक्सर परीक्षा से कुछ दिन पहले ही शहर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मिलती थी, जिससे व्यवस्था संबंधी चुनौतियां और अतिरिक्त खर्च होते थे. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) ने परीक्षा पैटर्न को संशोधित करते हुए 180 बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर देने का फैसला लिया है, जिनके उत्तर 210 मिनट में देने होंगे.
पहले परीक्षा में 200 प्रश्न होते थे, जिनके अधिकतम अंक 800 नंबर का होता था. हालांकि, कुल अवधि अपरिवर्तित है, संशोधित प्रारूप में उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न का उत्तर देने के लिए अधिक समय दिया गया है.
एक शिफ्ट में होगा परीक्षा का आयोजन
हाल के वर्षों में कुछ परिस्थितियों की वदह से NEET-PG परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की गई थी लेकिन अब NEET-PG 2026 परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराई जाएगी. मंत्रालय के अनुसार, एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने से सभी उम्मीदवारों के लिए समान कठिनाई स्तर के प्रश्न होंगे और छात्रों का मूल्यांकन ज्यादा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा.
सुरक्षा के हैं कड़े इंतजाम
केंद्र सरकार ने NEET-PG 2026 परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है. आवेदन से लेकर परीक्षा के दिन तक आधार आधारित सत्यापन किया जाएगा. अगर फिंगरप्रिंट से पहचान नहीं हो पाती है तो आइरिस बायोमेट्रिक सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा. प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए कई स्तर की एन्क्रिप्शन तकनीक, सुरक्षित ऑफलाइन तैयारी और परीक्षा शुरू होने से पहले नियंत्रित तरीके से डिजिटल डिक्रिप्शन की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा NBEMS ने नकल, फर्जी उम्मीदवार और गलत गतिविधियों की शिकायत के लिए अलग ईमेल व्यवस्था शुरू की गई है.
NEET-PG 2026 परीक्षा करीब 340 शहरों और 1,300 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी. परीक्षा के लिए 60 हजार से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था में परीक्षा केंद्रों की पहले से जांच, CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, उम्मीदवारों की तलाशी, सिग्नल जैमर, कंप्यूटर का सुरक्षित आवंटन और लाइव मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी.
आजतक एजुकेशन डेस्क