कारगिल विजय दिवस के 27वें अवसर पर लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि भारत अब पाकिस्तान की हर दुस्साहसपूर्ण हरकत का उसकी कल्पना से भी अधिक सख्त जवाब देने में सक्षम है. उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान के साथ अगर कोई बातचीत होगी तो वह सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) पर होगी, क्योंकि वह भारत का अभिन्न हिस्सा है.
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज पाकिस्तान में सेना और आतंकियों के बीच कोई अंतर नहीं रह गया है. वहां आतंकवाद को राज्य की नीति का हिस्सा बना दिया गया है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने स्पष्ट कर दिया कि अब आतंकियों और उन्हें संरक्षण देने वाली सरकार को अलग-अलग नहीं देखा जाएगा.
यह भी पढ़ें: Mann Ki Baat: कारगिल विजय दिवस का जिक्र, पीएम मोदी ने वीर जवानों को किया नमन
रक्षा मंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध के 27 वर्षों में भारत और पाकिस्तान की राहें पूरी तरह अलग हो चुकी हैं. एक तरफ भारत इनोवेशन, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष मिशन और डिजिटल तकनीक में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं पाकिस्तान घुसपैठ, आतंकवाद, कट्टरपंथ और प्रॉक्सी युद्ध को बढ़ावा देने में लगा है. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान भारत की प्रगति में बाधा डालने की कोशिश करेगा तो भारतीय सशस्त्र बल उसे मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
भारतीय सेना को पूरी राजनीतिक स्वतंत्रता- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने सेना को हर खतरे का निर्णायक जवाब देने के लिए पूरी राजनीतिक स्वतंत्रता दी है. उन्होंने कारगिल युद्ध के शहीदों, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा और कैप्टन मनोज कुमार पांडेय सहित सभी वीर जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान देश के युवाओं को हमेशा प्रेरित करता रहेगा.
यह भी पढ़ें: कारगिल विजय दिवस: PM मोदी ने वीर जवानों को किया नमन, राजनाथ बोले- आने वाला समय हमारा है
आत्मनिर्भरता में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि पहले भारत अपनी 65-70 प्रतिशत रक्षा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर था, जबकि आज लगभग 65 प्रतिशत रक्षा उपकरण देश में ही बनाए जा रहे हैं. आकाश-तीर एयर डिफेंस सिस्टम, तेजस, प्रचंड, आईएनएस विक्रांत, अर्जुन टैंक, पिनाका, अस्त्र मिसाइल और स्वदेशी ड्रोन जैसे प्लेटफॉर्म भारतीय सेना की ताकत बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा का नारा "ये दिल मांगे मोर" अब भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का भी संकल्प बन चुका है.
शिवानी शर्मा