दिल्ली में चाकूबाजी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. सीलमपुर इलाके के सेंट्रल पार्क में सिगरेट पीने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद 20 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत छह लोगों को पकड़ लिया है.
पुलिस के मुताबिक, ये घटना मंगलवार रात की है. मृतक युवक की पहचान सुबहान (20) के रूप में हुई है. घटना के वक्त सुबहान अपने एक दोस्त के साथ सेंट्रल पार्क में बैठा था और सिगरेट पी रहा था. इसी दौरान पांच से छह युवकों का एक गुट वहां पहुंचा और उन्होंने पार्क में सिगरेट पीने पर ऐतराज जताया.
इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुबहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना के तुरंत बाद खून से लथपथ सुबहान को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, इलाज के दौरान सुबहान की मौत हो गई.
सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच में मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: बेटे को बचाने के लिए बीच झगड़े में आई मां, चाकू लगने से मौत
पुलिस ने अमान खान (21), अफजल खान (18) और शोएब मिर्जा (18) को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही वारदात में शामिल 17 साल के दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है.
बता दें कि दिल्ला में लगातार चाकूबाजी के मामले सामने आ रहे हैं. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में भी 15 अक्टूबर को एक महिला की चाकूबाजी में मौत हो गई. पुराने रोशनपुरा इलाके में दो गुटों के बीच बहस हो गई थी और इसी दौरान चाकूबाजी में एक महिला अपने बेटे को बचाते हुए घायल हो गई थी, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था.
इसरार अहमद