कानपुर में मंगलवार रात दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस की दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई. दोनों एनकाउंटर में बदमाशों को पैर में गोली लगी है. पुलिस का पहला एनकाउंटर रात लगभग एक बजे कर्नलगंज इलाके में हुआ जिसमें अली अहमद और एक सिपाही घायल हुए. घायल बदमाश अली अहमद के पैर में गोली लगी है, जबकि सिपाही के हाथ में गोली लगी है. दोनों घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
घायल बदमाश अली चमनगंज का रहने वाला है. उसके ऊपर एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. इसी तरह रात लगभग डेढ़ बजे सचेंडी इलाके में पुलिस की बदमाश विनय कश्यप से मुठभेड़ हो गई. इसमें विनय के दाहिने पैर में गोली लगी है. विनय के ऊपर भी एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस के मुताबिक, रात लगभग एक बजे पुलिस चेकिंग कर रही थी तभी दो लोग एक बाइक पर आए. जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वे पुलिस पर फायर करने लगे. पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश अली को गोली लगी, जबकि एक भाग गया. घायल बदमाश अली पर एक दर्जन मामले दर्ज हैं.
रविकांत सिंह / शिवेंद्र श्रीवास्तव