गुजरात के वडोदरा में ज्वैलरी की नई दुकान खोलने के नाम पर मुंबई के एक कारोबारी से 8.28 करोड़ रुपये के सोने के गहनों की कथित धोखाधड़ी और चोरी का मामला सामने आया है. वाघोडिया रोड पर मौजूद एक दुकान से करीब 5.5 किलो सोने के गहनों से भरे दो बैग महज 12 मिनट में गायब हो गए.
पीड़ित कारोबारी हिमांशु जैन मुंबई के जवेरी बाजार की एक गोल्ड कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं. उन्होंने इस मामले में बापोद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस को शक है कि दशहरा पर नई दुकान के उद्घाटन के बहाने इस वारदात की साजिश रची गई थी.
शिकायत के मुताबिक, हिमांशु जैन मुंबई के जवेरी बाजार स्थित 'युगन गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड' में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. उनका काम गुजरात के अलग-अलग शहरों में ज्वैलर्स को सोने के गहने सप्लाई करना और उनसे पेमेंट वसूलना है.
इसी सिलसिले में उनकी पहचान डाकोर में सोने की दुकान चलाने वाले भाविक सोनी से हुई थी. दोनों साल 2017 से कारोबारी संबंध में थे. आरोप है कि भाविक सोनी ने वडोदरा में नई दुकान खोलने की बात कहकर हिमांशु जैन से बड़ी मात्रा में सोने के गहने मंगवाए.
भाविक सोनी ने हिमांशु जैन को बताया था कि उन्होंने वडोदरा के वाघोडिया रोड पर जवेरीनगर के पास साईं गणेश कॉम्प्लेक्स में 'श्री अंबिका ज्वैलर्स' के नाम से नई दुकान शुरू की है. दशहरा के मौके पर शोरूम का उद्घाटन होना था, जिसके लिए उन्होंने गहनों की एक सूची भी भेजी थी.
इस ऑर्डर के मुताबिक, हिमांशु जैन करीब 5 किलो 500 ग्राम वजन के नए सोने के आभूषण लेकर वडोदरा पहुंचे. इन गहनों की अनुमानित कीमत 8,28,37,680 रुपये यानी करीब 8.28 करोड़ रुपये बताई गई है.
दुकान में गहने दिखाने के दौरान दोपहर के भोजन का समय हो गया. इसके बाद भाविक सोनी और हिमांशु जैन के भाई नील जैन खाना खाने के लिए बाहर चले गए. भाविक ने भरोसा दिलाया कि गहनों से भरे दोनों बैग दुकान के अंदर सुरक्षित रहेंगे. बताया गया कि उन्होंने दुकान को बाहर से ताला लगाया, चाबी अपने पास रखी और नील जैन के साथ निकल गए.
इसी दौरान हिमांशु जैन वॉशरूम गए थे. करीब 12 मिनट बाद जब वह लौटे, तो दुकान का ताला खुला मिला और जांच करने पर सोने के गहनों से भरे दोनों बैग गायब मिले. दुकान में रखे दूसरे गहने वहीं मौजूद थे.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस के मुताबिक, फुटेज में नीले रंग के सुजुकी एक्सेस जैसे स्कूटर पर आए दो अज्ञात व्यक्ति दुकान से गहनों के बैग लेकर जाते दिखाई दिए.
दूसरी तरफ, खाना खाने के लिए बाहर गए भाविक सोनी भी अचानक गायब हो गए. उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगा. इन घटनाक्रमों के बाद पुलिस को मामले में साजिश और धोखाधड़ी की आशंका है.
हिमांशु जैन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्री अंबिका ज्वैलर्स के संचालक भाविक सोनी के खिलाफ विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. पुलिस को आशंका है कि दशहरा पर दुकान शुरू करने के बहाने करीब 5.5 किलो सोने के गहने मंगवाकर इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी.
हालांकि, साजिश और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी. फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर फरार भाविक सोनी तथा बैग लेकर जाने वाले दो अज्ञात व्यक्तियों की तलाश तेज कर दी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं.
ब्रिजेश दोशी