दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र के जसोला इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी. मृतक की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था. इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी भाई ओमप्रकाश और उसकी पत्नी चंदा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक संजय जसोला इलाके में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि परिवार में विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया. आरोप है कि ओमप्रकाश ने अपने छोटे भाई संजय की हत्या की. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. संजय की मौत से उसकी पत्नी और दो बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मृतक संजय की भाभी ललित ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश ने ही संजय की हत्या की है. परिवार के सदस्यों के मुताबिक, इस घटना के बाद घर में शोक का माहौल है. संजय की मां का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने अपने बेटे की हत्या के लिए दूसरे बेटे को जिम्मेदार ठहराया है. मां का कहना है कि उनके बीच वाले बेटे ने उनके छोटे बेटे की जान ले ली.
संजय की मां ने घटना को लेकर अपना दुख जाहिर किया है. उनका कहना है कि एक बेटे ने दूसरे बेटे की हत्या कर दी, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं. उन्होंने आरोपी बेटे के लिए सख्त सजा की मांग करते हुए कहा कि वह चाहती हैं कि ओमप्रकाश जीवन भर जेल में रहे. परिवार की इस त्रासदी से घर में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश और उसकी पत्नी चंदा को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक संजय के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पारिवारिक विवाद की वजह और हत्या से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है.
आशुतोष कुमार