सोना-चांदी की कीमतों में मार्च महीने में जमकर गिरावट (Gold-Silver Price Crash)देखने को मिली है. आमतौर पर ग्लोबल तनाव या किसी आपदा की स्थिति में गोल्ड-सिल्वर के रेट उछाल भरते नजर आते हैं, लेकिन इस बार अमेरिका-ईरान युद्ध (US-Iran War) के बीच भी ये लगातार सस्ते हुए हैं.
मंगलवार को कमोडिटी मार्केट बंद है, लेकिन बीते महीने के आखिरी कारोबारी दिन 27 फरवरी से 30 मार्च तक नजर डालें, तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर 1 Kg Silver Price 53,000 रुपये तक कम हुआ है. वहीं दूसरी ओर सोने का वायदा भाव भी 18,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा फिसल चुका है. खास बात ये है कि न सिर्फ एमसीएक्स, बल्कि घरेलू बाजारों में भी सोना-चांदी सस्ता (Gold-Silver Cheaper) हुआ है.
1 किलो चांदी का अब इतना रह गया भाव
चांदी की कीमत में मार्च महीने की शुरुआत से लास्ट तक आए चेंज पर नजर डालें, तो ये कीमती धातु बीते 27 फरवरी को एमसीएक्स पर 2,82,644 रुपये प्रति किलोग्राम पर क्लोज हुई थी और बीते कारोबारी दिन 30 मार्च को इसका वायदा भाव 2,29,033 रुपये पर आ गया. इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो महीनेभर में चांदी 53,611 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है.
MCX के अलावा अगर बात घरेलू मार्केट में चांदी की कीमत में आए मंथली बदलाव (Silver Price Monthly Change) के बारे में करें, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक पिछले फरवरी महीने के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू बाजार में चांदी 2,66,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार को ये 2,30,135 रुपये पर बंद हुई. इस तरह से घरेलू बाजार में भी चांदी का भाव सिर्फ मार्च के महीने में ही 36,565 रुपये प्रति किलोग्राम टूटा है.
Gold Rate में भी तगड़ी गिरावट
सिर्फ चांदी का भाव ही नहीं टूटा है, सोना भी सस्ता (Gold Cheaper) हुआ है. इसकी कीमत भी एमसीएक्स पर वायदा कारोबार से लेकर घरेलू मार्केट तक में कम हुई है. MCX Gold Rate पर नजर डालें, तो बीते 27 फरवरी को इस कीमती पीली धातु का वायदा भाव 1,65,659 रुपये प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुआ था और 30 मार्च तक ये गिरते हुए 1,47,450 रुपये पर आ गया. यानी महीनेभर में 10 Gram 24 Karat Gold 18,209 रुपये सस्ता हो गया.
आईबीजेए के रेट अपेडेट देखें, तो घरेलू मार्केट में भी गोल्ड सस्ता हुआ है. ये फरवरी के आखिर में 1,59,097 रुपये प्रति 10 ग्राम का था, लेकिन बीते कारोबारी दिन सोमवार को ये 1,46,733 रुपये पर क्लोज हुआ और इस हिसाब से 24 कैरेट सोना यहां भी 12,364 रुपये सस्ता हुआ है.
यहां इस बात का ध्यान रहे कि घरेलू मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों में लागू जीएसटी और मेकिंग चार्ज भी लगाता है. इनके जुड़ने के बाद कीमतों में इजाफा देखने को मिलता है.
युद्ध जारी, फिर भी नहीं भागे सोना-चांदी
अब सबसे जरूरी बात कि आखिर वो क्या कारण रहे, जो ग्लोबल टेंशन के बीच भी सोना-चांदी की कीमतें चढ़ने के बजाय लगातार टूटती नजर आईं. तो बता दें कि मिडिल ईस्ट युद्ध (Middle East War) के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तगड़े उछाल का इसमें अहम रोल है. दरअसल, Crude Oil Price Surge महंगाई का जोखिम बढ़ा रहा है और लोग निवेश के बजाय अपने हाथ में पैसे रखने पर जोर दे रहे हैं. दूसरी ओर US Fed के पॉलिसी रेट स्थिर रखने के अलावा अमेरिकी डॉलर में मजबूती ने सोना-चांदी के भाव पर दबाव बढ़ाया है.
(नोट- सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में किसी भी निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क