कहते हैं कि किस्मत कब और किस पर मेहरबान हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. ऐसा ही कुछ दुबई में रहने वाली एक 27 साल की भारतीय महिला के साथ हुआ है. उन्होंने महज कुछ रुपयों की खरीदारी की और बदले में उन्हें दुबई में एक शानदार मुफ़्त अपार्टमेंट मिल गया. वह दुबई में हाल ही में शुरू हुए 'विन योर होम इन दुबई' (Win Your Home in Dubai) कैंपेन के तहत पहला ग्रैंड प्राइज जीतने वाली भाग्यशाली विजेता बन गई हैं.
'खलीज टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, मूल रूप से केरल की रहने वाली आयशा अमीर ने 'दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल एस्टेब्लिशमेंट' (DFRE) और 'दुबई चैंबर्स' द्वारा आयोजित लकी ड्रॉ में हिस्सा लिया था. उन्होंने दुबई के मशहूर लग्ज़री डेवलपर 'बिंगहट्टी' (Binghatti) का एक आलीशान स्टूडियो अपार्टमेंट अपने नाम किया है.
यह भी पढ़ें: ड्रीम होम खरीदने से पहले जान लें यह बातें, वर्ना डूब जाएगा आपका पैसा
आयशा ने बताया कि वह बस यूं ही सामान्य खरीदारी के लिए मॉल गई थीं, वहां और सोशल मीडिया पर इस लकी ड्रॉ के विज्ञापन देखने के बाद, उनके पति ने उन्हें इसमें हिस्सा लेने की सलाह दी. इस कैंपेन का हिस्सा बनने के लिए खरीदारों को भाग लेने वाले आउटलेट्स से कम से कम 500 दिरहम (लगभग ₹13,000) की खरीदारी करनी होती है.
आयशा को लगा ऑनलाइन स्कैम है
इसके बाद, उन्हें एक QR कोड स्कैन करके अपनी शॉपिंग रसीद को ऑनलाइन अपलोड करना होता है, आयशा ने भी ठीक ऐसा ही किया था, अक्सर लॉटरी या बंपर प्राइज जीतने वाले लोगों को शुरुआत में यकीन नहीं होता, और आयशा के साथ भी ऐसा ही हुआ. जब उन्हें जीत की खुशखबरी देने के लिए फोन आया, तो उन्हें लगा कि कोई उनके साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है.
आयशा ने बताया कि मैंने डिटेल्स भरी थीं और फिर मुझे एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि मैंने यह घर जीत लिया है. शुरू में तो मुझे लगा कि यह कोई स्कैम है, लेकिन फिर जब उन्होंने मुझे आधिकारिक तौर पर सभी डिटेल्स के साथ एक ईमेल भेजा, तब जाकर मुझे और मेरे परिवार को इस पर भरोसा हुआ."
यह भी पढ़ें: नोएडा-गुरुग्राम महंगा, इन 4 शहरों में सस्ते में मिल रहा है घर और प्लॉट
aajtak.in