सप्ताह के पहले कारोबारी दिन कल सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत खराब हुई थी और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स बुरी तरह टूटकर ओपन हुए थे. सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि जापान, साउथ कोरिया से लेकर पाकिस्तान तक के शेयर बाजार में हाहाकार मचा हुआ नजर आया था और निवेशकों को तगड़ा झटका लगा था.
मंगलवार को विदेशी शेयर बाजारों में फिर से रौनक लौटी है और सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट पर ब्रेक लगने के संकेत मिल रहे हैं. Japan Nikkei धुआंधार तेजी लेकर ट्रेड कर रहा है, तो KOSPI इंडेक्स भी जोरदार बढ़त के साथ ओपन हुआ. उधर भारतीय शेयर मार्केट के लिए प्रमुख संकेतक माना जाने वाला गिफ्ट निफ्टी भी उछाल के साथ ग्रीन जोन में नजर आ रहा है.
सेंसेक्स-निफ्टी के लिए Good Signal
बीते कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही Sensex-Nifty दोनों इंडेक्स धड़ाम हो गए थे. शुरुआती कारोबार में ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 700 अंक से ज्यादा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी करीब 180 अंक के आसपास गोता लगा गया था. हालांकि, बाजार में आखिरी कारोबारी घंटे में रिकवरी भी देखने को मिली थी, फिर भी BSE Sensex 443 अंक, जबकि NSE Nifty 96 अंक फिसलकर क्लोज हुआ था.
कल की बड़ी गिरावट से उबरते हुए मंगलवार को सेंसेक्स-निफ्टी की तेज शुरुआत हो सकती है, ऐसे सिग्नल विदेशी बाजारों से मिल रहे हैं. इसके साथ ही Gift Nifty शुरुआती कारोबार में ग्रीन जोन में नजर आ रहा है.
जापान में कोहराम के बाद रौनक
एशियाई बाजारों में कल की भारी गिरावट के बाद मंगलवार को ज्यादातर बाजार तेजी के साथ ओपन हुए. खासतौर पर जापान का निक्केई इंडेक्स (Japan Nikkei Index), जो सोमवार को कारोबार के दौरान करीब 4000 अंक से ज्यादा फिसल गया था, खबर लिखे जाने तक करीब 1200 अंक की उछाल के साथ 65,259 पर ट्रेड कर रहा था
कोरियाई बाजार में गिरावट पर ब्रेक
न सिर्फ जापान, बल्कि साउथ कोरिया का शेयर बाजार भी बीते कारोबारी दिन तेजी से फिसला था और मंगलवार को जोरदार रिकवरी मोड में नजर आ रहा है. कारोबार की ओपनिंग होने के साथ ही ये करीब 3 फीसदी की छलांग लगा गया और 6738 के लेवल पर ट्रेड करता दिखाई दिया. बता दें कि इस KOSPI Index में सोमवार को 4.50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी.
PAK का था हाल बेहाल
जापान, कोरिया के साथ ही अन्य शेयर बाजारों में भी हरियाली देखने को मिल रही है. हालांकि, हांगकांग और ब्रिटेन के शेयर बाजार में गिरावट आई है. बात पाकिस्तान की करें, तो पड़ोसी देश का शेयर बाजार भी सोमवार को क्रैश (Pakistan Stock Market Crash) हुआ था और कराची स्टॉक एक्सचेंज 1700 अंक से ज्यादा फिसला था, लेकिन आखिरी कारोबारी घंटे में रिकवरी दिखाई थी. विदेशी बाजारों का सेंटीमेंट सुधरने का असर KSE-100 Index पर भी देखने को मिल सकता है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क