बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य निशांत कुमार ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मुलाकात की. शपथ ग्रहण के तुरंत बाद हुई इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की और एक भावुक संदेश भी लिखा. अपने पोस्ट में निशांत ने कहा कि पिता का आशीर्वाद और उनका मार्गदर्शन सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने की सबसे बड़ी पूंजी है.
शपथ के बाद पिता से लिया आशीर्वाद
विधान परिषद सदस्य के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद निशांत कुमार सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे. उन्होंने उनसे आशीर्वाद लिया और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया. इस मुलाकात को उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का यादगार क्षण बताया.
जनसेवा की प्रेरणा बने नीतीश कुमार
सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में निशांत कुमार ने लिखा कि जनहित, सुशासन और विकास के प्रति उनके पिता का समर्पण हमेशा उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के अनुभव, जीवन मूल्य और कार्यशैली ने उन्हें ईमानदारी, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने की सीख दी है.
बिहार के विकास के लिए निभाएंगे जिम्मेदारी
निशांत कुमार ने कहा कि पिता के आशीर्वाद के साथ उन्होंने संकल्प लिया है कि वह बिहार के विकास, जनकल्याण और लोगों के भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि जनता की उम्मीदों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी और हर जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे.
शपथ ग्रहण के बाद पिता से मुलाकात और सोशल मीडिया पर साझा किया गया उनका भावनात्मक संदेश अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
पटना में बुधवार को बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान नवनिर्वाचित एमएलसी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री दिलीप जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
शपथ लेने वालों में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुनील कुमार सिंह भी शामिल रहे. सभी सदस्यों ने शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत की.
एमएलसी बनने के बाद पवन सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार में म्यूजिक इंडस्ट्री को नई पहचान दिलाना है. उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसी व्यवस्था विकसित होनी चाहिए, जिससे नए कलाकारों को बेहतर अवसर मिलें और संगीत उद्योग का विस्तार हो. उन्होंने कहा कि बिहार की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
aajtak.in