बिहार: नींद का एक पल, मौत का सफर बन गया, मोतिहारी में दो ट्रकों की टक्कर में एक की मौत

मोतिहारी जिले में मेहसी थाना के सामने दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि मिट्टी के बर्तनों से लदे ट्रक के चालक को नींद आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे अनाज लदे ट्रक से टकरा गया.

Advertisement
दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर. (Photo: Screengrab) दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर. (Photo: Screengrab)

सचिन पांडेय

  • मोतिहारी,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:19 PM IST

बिहार के मोतिहारी जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया. जिले के मेहसी थाना के सामने सोमवार को दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक शख्स की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक मिट्टी के बर्तनों से लदा एक ट्रक मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. नियंत्रण बिगड़ने के बाद ट्रक सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गया. उसी समय सामने से अनाज से लदा एक ट्रक आ रहा था. देखते ही देखते दोनों ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के समय वाहनों में सवार लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए. जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को ट्रकों से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मेहसी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

चालक को नींद की झपकी आने से हुआ भीषण हादसा

हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है. शुरुआती जानकारी में चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Advertisement

एक व्यक्ति की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हो गया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात को सामान्य करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवागमन बहाल कराया. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं घायल लोगों के परिजन अस्पताल में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »