बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड निवासी एक तांत्रिक की पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में सिर काटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने महज दो दिन में इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश अवैध संबंधों के चलते रची गई थी. आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए हत्या के बाद शव से सिर अलग कर दिया था.
मृतक की पहचान बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के उदगाड़ा निवासी इमाम खुआ के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह पेशे से तांत्रिक था. उसके ससुराल वाले पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रहते हैं. मामले का खुलासा तब हुआ जब पिछले मंगलवार को सिलीगुड़ी उपमंडल के बागडोगरा स्थित हंसखोवा चाय बागान के सेक्शन-9 में मजदूर चाय की पत्तियां तोड़ रहे थे. इसी दौरान उन्हें खून से लथपथ सिर कटा शव दिखाई दिया. सूचना मिलने पर बागडोगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया.
चाय बागान में मिला सिर कटा शव
पुलिस ने रातभर आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मृतक का सिर नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान और पूरे मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि मृतक बिहार के किशनगंज का रहने वाला इमाम खुआ है. जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई मृतक की पत्नी मोमिना बेगम पर जाकर रुकी. पुलिस ने पूछताछ के लिए मोमिना बेगम और उसके प्रेमी बागडोगरा निवासी सुदीप पाल को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं. इसके बाद पुलिस ने सुदीप पाल के दो भतीजों निताई पाल और बापी पाल के साथ उनके दोस्त कौशिक नाथ को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुदीप पाल और मोमिना बेगम के बीच पिछले सात वर्षों से विवाहेतर संबंध थे. पुलिस के अनुसार, जब इमाम खुआ उनके रिश्ते में बाधा बनने लगा, तब दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. इस साजिश में सुदीप ने अपने दो भतीजों और उनके दोस्त को भी शामिल कर लिया. जांच में यह भी सामने आया कि सुदीप पाल ने सोमवार दोपहर बिहार के किशनगंज में मौजूद इमाम खुआ को फोन किया और किसी बहाने से करीब 95 किलोमीटर दूर बागडोगरा बुला लिया.
पुलिस के अनुसार, उसी रात आरोपियों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. पहचान छिपाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया और अलग स्थान पर फेंक दिया. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया. इसके बाद फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबारी गांव के एक सुनसान इलाके से मृतक का कटा हुआ सिर और हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद कर लिया गया. यह स्थान उस जगह से करीब पांच किलोमीटर दूर है, जहां शव मिला था.
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
बागडोगरा थाना पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी उपजिला अदालत में पेश किया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस वारदात ने किशनगंज और सिलीगुड़ी दोनों इलाकों में सनसनी फैला दी है. महज दो दिनों में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि हत्या में इस्तेमाल हथियार और मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया.
गौरव कुमार