फेमस यूट्यूबर और कोचिंग संचालक खान सर यानी फैजल खान की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं. पटना के कदमकुआं थाने में खान सर समेत उनके दो प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक फायरिंग वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने यह बड़ा एक्शन लिया है.
पुलिस FIR के मुताबिक, 2 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे कुछ उग्र लोग 'किसान कोल्ड स्टोरेज' के पास स्थित खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर पहुंचे थे. उग्र भीड़ ने गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी चुनचुन के साथ मारपीट की और वहां लगे बैनर फाड़ दिए. शोर-शराबा सुनकर खान सर अपने प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स और अन्य अज्ञात सहकर्मियों के साथ ऑफिस से बाहर आए.
'जो होगा मैं समझ लूंगा...'
गिरफ्तार किए गए दोनों सुरक्षा गार्ड्स ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बाहर उग्र भीड़ को देखकर खान सर और उनके सहयोगियों ने चिल्लाते हुए कहा, ''देख क्या रहे हो, भीड़ पर अविलंब फायर करो, जो होगा मैं समझ लूंगा."
इस आदेश को सुनते ही दोनों गार्ड्स ने अपनी-अपनी लाइसेंसी राइफल से हवा में दो-दो राउंड गोलियां दाग दीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
पुलिस की जांच और गार्ड्स की गिरफ्तारी
4 जून को जब सोशल मीडिया पर इस फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ, तो पुलिस टीम जांच के लिए खान ग्लोबल एकेडमी पहुंची.खान
सर ने खुद पुष्टि की कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति उन्हीं के सुरक्षा गार्ड हैं, जिन्हें उन्होंने नोएडा की APS सुरक्षा एजेंसी से हायर किया था. खान सर ने अपनी सुरक्षा के लिए कुल 17 गार्ड्स रखे हुए हैं.
पुलिस की गिरफ्त में गार्ड्स
घटना की दोपहर करीब 1:25 बजे दोनों गार्ड्स अपने हथियारों के साथ दफ्तर पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी गार्ड प्रदीप कुमार मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है.
इनके पास से .315 बोर की राइफल और मैगजीन में 3 लाइव राउंड बरामद हुए. दूसरा आरोपी तालेबर सिंह कासगंज (उत्तर प्रदेश) का निवासी है. इसके पास से भी .315 बोर की राइफल और मैगजीन में 3 लाइव राउंड मिले.
आम जनता में जानबूझकर डर और दहशत पैदा करने के आरोप में पुलिस ने दोनों हथियार जब्त कर लिए हैं और दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल फैजल खान की पुलिस को तलाश है.
FIR में क्या-क्या आरोप लगे हैं?
कदमकुआं पुलिस ने बताया कि आम जनता के बीच गैर-कानूनी तरीके से दहशत फैलाने, हथियार का दुरुपयोग करने और उग्र भीड़ पर जानबूझकर गोली चलवाने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है. इसमें मुख्य रूप से प्रदीप कुमार (सुरक्षा गार्ड), तालेबर सिंह (सुरक्षा गार्ड) और खान सर उर्फ फैजल खान (कोचिंग डायरेक्टर) शामिल हैं.
शशि भूषण कुमार