ड्यूटी पर निकले दारोगा जी की रीलबाजी... गमछा डालकर लहराया हथियार, वीडियो वायरल हुआ तो एसपी ने सस्पेंड कर दिया

बिहार के कटिहार जिले में वर्दी पहनकर हथियार लहराते हुए रील बनाना एक दारोगा को भारी पड़ गया. वीडियो वायरल होते ही मामला एसपी तक पहुंच गया. एसपी ने तुरंत एक्शन लेते हुए एएसआई को निलंबित कर दिया.

Advertisement
दारोगा को एसपी ने किया सस्पेंड. (Photo: Representational) दारोगा को एसपी ने किया सस्पेंड. (Photo: Representational)

बिपुल राहुल

  • कटिहार,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:21 AM IST

बिहार के कटिहार में एक दारोगा को सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाना महंगा पड़ गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने सख्त रुख अपनाते हुए एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. मामला कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. 

एएसआई दिवाकर सरकार पुलिस टीम के साथ गंगा नदी के रास्ते दियारा इलाके में क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे. इसी दौरान उन्होंने वर्दी में हथियार के साथ एक रील बना डाली और उसे खुद ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया.

Advertisement

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एएसआई दिवाकर सरकार वर्दी में गले में गमछा डाले हुए हैं. कभी वह पुलिस टीम के साथ नाव पर बैठे नजर आते हैं, तो कभी नदी किनारे अकेले खड़े होकर हथियार का प्रदर्शन करते दिखाई देते हैं. वीडियो में उनके हाथ में इंसास रायफल जैसा हथियार दिख रहा है, जिसे वह कभी कंधे पर रखते हैं तो कभी हाथ में लेकर लहराते और चमकाते नजर आते हैं.

इस दौरान वीडियो के बैकग्राउंड में गंगा नदी, नाव और आसपास मौजूद लोगों के दृश्य भी दिख रहे हैं. रील में पुलिस अधिकारी का इस तरह हथियार का प्रदर्शन करना और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करना नियमों के खिलाफ माना गया.

यह भी पढ़ें: भारी पड़ी रेलवे ट्रैक पर डांस और रीलबाजी... युवक और महिला को उठा ले गई पुलिस, VIDEO

Advertisement

बिहार के डीजीपी की ओर से पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करेगा. इसके बावजूद एएसआई ने नियमों की अनदेखी की, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई.

रील के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला प्रशासन के संज्ञान में आया. कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए. जांच के बाद एएसआई दिवाकर सरकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया.

इस संबंध में कटिहार पुलिस की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि एएसआई द्वारा हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना अनुशासनहीनता है.

फिलहाल, इस मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे पुलिस विभाग की छवि भी खराब होती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement