'ज्यादा चिल्लाइए मत, बुखार छुड़ा देंगे...', नौकरी लगते ही पति को छोड़ने वाली टीचर को पुलिस की धमकी

हाजीपुर में बीपीएससी शिक्षिका गुंजन कुमारी और उनके पति अमन कुमार के विवाद का वीडियो वायरल हो रहा है. डायल 112 पुलिस पर महिला शिक्षिका से अभद्र भाषा में बात करने और 'बुखार छुड़ा देंगे' कहकर धमकाने का आरोप लगा है. वहीं, पति ने पत्नी पर नौकरी लगने के बाद छोड़ने और कथित प्रेम प्रसंग के आरोप लगाए हैं.

Advertisement
पति-पत्नी विवाद में पहुंची पुलिस.(Photo: Vikash Kumar/ITG) पति-पत्नी विवाद में पहुंची पुलिस.(Photo: Vikash Kumar/ITG)

aajtak.in

  • हाजीपुर,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:46 PM IST

बिहार के हाजीपुर से डायल 112 पुलिस की कार्यशैली को लेकर दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पुलिसकर्मियों पर अभद्र भाषा और मारपीट के आरोप लगे हैं. पहला मामला नगर थाना क्षेत्र का है, जहां नौकरी लगते ही पति छोड़ने वाली महिला टीचर और  पति के विवाद में शिकायत करने पहुंची महिला शिक्षिका को पुलिसकर्मी कथित तौर पर धमकाते नजर आए. 

Advertisement

दरअसल, नगर थाना क्षेत्र में बीपीएससी शिक्षिका गुंजन कुमारी और पति अमन के बीच विवाद होने पर महिला शिक्षिका ने डायल 112 पुलिस को बुलाया था. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शिकायत सुनने के बजाय महिला को ही डांटना शुरू कर दिया. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी महिला से कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'ज्यादा चिल्लाइए मत, विधि व्यवस्था क्रिएट करने की कोशिश की तो बुखार छुड़ा देंगे.' जवाब में महिला शिक्षिका कहती है कि 'मेरा बुखार कोई नहीं छुड़ा सकता.'

यह भी पढ़ें: बिहार में 'ज्योति मौर्य' जैसा कांड! जमीन बेचकर पत्नी को बनाया टीचर, नौकरी लगते ही पति को छोड़ा

यह पूरा घटनाक्रम मोहल्ले के बीच हुआ, जहां कई लोग मौजूद थे. वीडियो मोबाइल में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि महिला शिक्षिका के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. वहीं, महिला शिक्षिका से अभद्र भाषा में बात करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

Advertisement

देखें वीडियो...

बता दें कि हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र से पति-पत्नी और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत वार्ड संख्या 13 निवासी 46 वर्षीय अमन कुमार ने अपनी पत्नी और बीपीएससी शिक्षिका गुंजन कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अमन का दावा है कि पत्नी को पढ़ाने और नौकरी दिलाने के लिए उन्होंने अपनी पैतृक जमीन तक बेच दी, लेकिन नौकरी मिलने के बाद पत्नी ने उन्हें और उनके 10 वर्षीय बेटे को छोड़ दिया. 

अमन कुमार ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2013 में हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह की बेटी गुंजन कुमारी से हुई थी. शादी के बाद दोनों का एक बेटा आरुष आर्या हुआ, जिसकी उम्र 10 वर्ष है. अमन के अनुसार, शादी के समय उनकी पत्नी इंटरमीडिएट पास थीं और आगे पढ़कर शिक्षिका बनना चाहती थीं.

बीपीएससी चयन के बाद बदले रिश्ते

अमन कुमार ने बताया कि बीपीएससी TRE-02 परीक्षा में गुंजन कुमारी का चयन 6 से 8वीं कक्षा की शिक्षिका के रूप में हुआ. प्रशिक्षण सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुआ और बाद में उनकी पोस्टिंग वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड स्थित यूएमएस मोहनपुर धर्मपुर विद्यालय में हुई. अमन का आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान उनकी पत्नी की नजदीकियां उसके कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश जयवाल से बढ़ गईं. उन्होंने दावा किया कि दोनों पहले से संपर्क में थे और प्रशिक्षण के दौरान चोरी-छिपे मिलते थे. 

Advertisement

अमन ने कहा कि सुपौल में रहने के दौरान उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि “प्रेम प्रकाश अंकल” घर आते थे और कई दिनों तक वहां रुकते थे. पीड़ित पति का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध का विरोध किया तो पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में गुंजन ने दार्जिलिंग घूमने जाने के बहाने बेटे को उनके पास भेज दिया. बाद में जानकारी मिली कि अन्य शिक्षिकाएं दार्जिलिंग गई ही नहीं थीं, जिससे उन्हें शक हुआ कि पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ गई थी.

बेटे ने भी मां पर लगाए आरोप

अमन के अनुसार, उनकी पत्नी हाजीपुर के लिच्छवि नगर स्थित किराए के मकान में रहती थी. उन्हें जानकारी मिली थी कि वहां प्रेम प्रकाश का आना-जाना होता है. आरोप है कि 23 मई को जब वह वहां पहुंचे तो पत्नी और प्रेम प्रकाश को आपत्तिजनक स्थिति में देखा. इसके बाद उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर डायल 112 पुलिस को सूचना दी.

पीड़ित पति का कहना है कि पुलिस के पहुंचने में देर हुई, जिसके बाद स्थानीय लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया. अमन का दावा है कि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो मौजूद है. इस मामले में दंपति के बेटे आयुष आर्य ने भी अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बच्चे का कहना है कि उसकी मां उसे कथित तौर पर एक व्यक्ति को “मामा” बताने के लिए कहती थी. विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी.

---- समाप्त ----
इनपुट - विकास कुमार.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »