बिहार के गोपालगंज से शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राजस्थान के दो युवकों से शादी कराने के बहाने करीब पांच लाख रुपये ऐंठ लिए गए. शादी के तुरंत बाद विदाई के दौरान बदमाशों ने चाकू दिखाकर दूल्हों के साथ मारपीट की और दोनों दुल्हनों को अपने साथ लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ितों ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
राजस्थान के जयपुर (सांगानेर) निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर निवासी प्रिंस शादी के इच्छुक थे. उनके घर के पास रहने वाले एक दलाल ने बिहार में शादी कराने का झांसा दिया. आरोप है कि दलाल ने दोनों युवकों से दो-दो लाख रुपये नकद लिए. इसके अलावा शादी के खर्च के नाम पर पचास-पचास हजार रुपये अतिरिक्त वसूल किए गए. इसके बाद सोमवार की सुबह दोनों युवक अपने स्वजन के साथ बस से गोपालगंज पहुंचे.
यह भी पढ़ें: बिहार: गोपालगंज में 100 रुपये के लिए कलियुगी बेटे की करतूत, मां की गला काटकर कर दी हत्या
दलाल के जरिए मैरेज हॉल में कराई गई शादी
गोपालगंज पहुंचने पर बंजारी मोड़ से दलाल का एक सहयोगी दोनों युवकों और उनके परिजनों को जादोपुर रोड स्थित एक मैरेज हॉल में ले गया. वहां पहले से चार-पांच लोग मौजूद थे. भोजन कराने के बाद दो युवतियों को बुलाया गया, जिन्होंने शादी के लिए सहमति जताई. इसके बाद पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न कराई गई. शादी के बाद वर-वधू ने परिजनों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं.
शादी के बाद दोनों युवक अपनी-अपनी दुल्हन के साथ ऑटो से बस स्टैंड के लिए रवाना हुए, जहां से उन्हें राजस्थान लौटना था. लेकिन जैसे ही ऑटो बंजारी मोड़ के पास पहुंचा, तभी दो अपाची बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और ऑटो को रोक लिया. बदमाशों ने दूल्हों के साथ मारपीट की और उनका सामान छीन लिया. इसी दौरान दोनों दुल्हनें भी बाइक सवार बदमाशों के साथ फरार हो गईं.
दूल्हों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित दूल्हों ने दुल्हनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों दुल्हनें भी इस पूरे घटनाक्रम में शामिल थीं और मौके से फरार हो गईं. घटना के बाद दोनों युवक नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पीड़ितों ने दलाल को पकड़कर पुलिस के हवाले भी कर दिया है. नगर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की छानबीन जारी है.
नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पीड़ित युवकों ने पुलिस से लुटेरी दुल्हन और मैरेज हॉल से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
फर्जी शादी का रैकेट होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, गोपालगंज जिले में फर्जी तरीके से दूसरे राज्यों के लोगों को बुलाकर शादी कराने और ठगी करने का रैकेट सक्रिय है. शादी के बाद दुल्हन या तो साथ जाने से इंकार कर देती है या फिर बदमाशों के साथ मिलकर फरार हो जाती है.
करीब एक सप्ताह पहले भी राजस्थान के एक अधेड़ व्यक्ति के साथ इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां शादी के बाद किशोरी ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया था. इस घटना के बाद इलाके में हंगामा हुआ था. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
सुनील कुमार तिवारी