बाढ़ में वीडियो बना रही थीं महिलाएं, अचानक बहने लगीं... लोग समझे तैर रही हैं, चीख सुनी तो फिर नदी में कूद पड़े

बिहार के बेगूसराय में बाढ़ के पानी में नहाते हुए दो महिलाएं वीडियो बना रही थीं. इसी दौरान दोनों पानी के बहाव में बहने लगीं. लोगों को लगा कि वे तैर रही हैं, लेकिन जब चीख-पुकार सुनी तो बचाने दौड़ पड़े. लोगों ने नदी में कूदकर महिलाओं को बहने से बचाया. इसके बाद नाव मंगाई गई, तब जाकर उन्हें बाहर निकाला गया.

Advertisement
नाव के जरिए महिलाओं का किया गया रेस्क्यू. (Photo: ITG) नाव के जरिए महिलाओं का किया गया रेस्क्यू. (Photo: ITG)

सौरभ कुमार

  • बेगूसराय,
  • 29 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 3:59 PM IST

बिहार के बेगूसराय में बाढ़ के पानी में नहाने और उसका वीडियो बनाने का शौक दो महिलाओं को भारी पड़ गया. दोनों महिलाएं सड़क पर भरे कमर तक पानी में नहा रही थीं. साथ में एक महिला मोबाइल से उनका वीडियो बना रही थी. तभी अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और दोनों महिलाएं बहते हुए गंगा की तरफ जाने लगीं.

Advertisement

पहले तो आसपास मौजूद लोगों को लगा कि महिलाएं पानी में तैर रही हैं. लेकिन कुछ ही देर में दोनों काफी दूर निकल गईं. फिर उनकी चीख सुनाई दी. इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो सामने आया है.

मामला बेगूसराय के बलिया प्रखंड का है. जगह है लखमिनियां-मसूदनपुर पथ का चेचियाही ढाब. गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद यहां सड़क पर कमर तक पानी भर गया है. सड़क के दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाई गई है, ताकि लोगों को सुरक्षित रास्ते से निकाला जा सके. इसी बैरिकेडिंग के बीच से लोग किसी तरह आ-जा रहे हैं.

नगरगामा की रहने वाली दो महिलाएं अपने मायके आई हुई थीं. शनिवार, 29 अगस्त को दोनों चेचियाही ढाब से गुजर रही थीं. बाढ़ का पानी सड़क पर जमा था. दोनों पानी में नहाने लगीं. उनके साथ मौजूद एक महिला मोबाइल से वीडियो बनाने लगी. फिर अचानक पानी का बहाव तेज हो गया.

Advertisement

दोनों महिलाएं तेज बहाव की चपेट में आईं और पानी के साथ बहने लगीं. शुरुआत में आसपास के लोगों को लगा कि महिलाएं तैर रही हैं. लेकिन जब दोनों सड़क से काफी दूर निकलकर गंगा की तरफ जाने लगीं, तब लोगों को खतरे का एहसास हुआ. महिलाएं मदद के लिए चिल्लाने लगीं.

यह भी पढ़ें: आंखों में उम्मीद, दिल में दहशत और इंतजार... हरदोई के पपेंद्र और ऋषिपाल कहां हैं? नेपाल बाढ़ में लापता युवकों की कहानी

इसके बाद कुछ स्थानीय युवक अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतर गए. वे तैरते हुए महिलाओं के पीछे गए. दोनों को पकड़ने के लिए युवकों को काफी दूर तक जाना पड़ा. आखिरकार दोनों महिलाओं को बहने से बचा लिया गया.

नाव आई, तब जाकर बाहर निकाला गया

महिलाओं को पकड़ने के बाद उन्हें नाव की मदद से सुरक्षित बाहर लाया गया. इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. महिलाओं को बचाने वाले युवक गौरव ने बताया कि दोनों अचानक तेज बहाव में बह गई थीं. उन्हें बचाने के लिए वह तैरकर काफी दूर तक गए. दोनों महिलाओं को नाव की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और इलाज के लिए भेजा गया.

इस घटना में वीडियो बनाने वाली महिला का मोबाइल भी पानी में डूब गया. हालांकि घटना के कुछ फोटो और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं को बाढ़ के पानी में नहाते और बाद में तेज बहाव में बहते देखा जा सकता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 626 मौतें, 2500 लापता, 320 भारतीयों की भी खबर नहीं... नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच फिर मंडराया सैलाब का खतरा

चेचियाही ढाब में हर साल बाढ़ के दौरान पानी भरता है. गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण इस इलाके की कई सड़कें जलमग्न हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां पहले भी बाढ़ के दौरान हादसे होते रहे हैं. इसी वजह से इस बार जिला प्रशासन ने सड़क पर बैरिकेडिंग कराई थी. मकसद था कि लोग पानी के बीच सुरक्षित रास्ते से निकलें. लेकिन इसके बावजूद दोनों महिलाएं बैरिकेडिंग के बीच पानी में उतरकर नहाने लगीं.

स्थानीय निवासी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि बाढ़ के पानी में तेज बहाव रहता है और ऐसे में पानी के अंदर जाना खतरनाक हो सकता है. इस बार किस्मत अच्छी थी कि आसपास के लोगों ने महिलाओं की चीख सुन ली. कुछ युवक तुरंत पानी में कूद गए और नाविक की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »