बिहार के पश्चिम चंपारण में दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 3 बच्चों को नहर में फेंक दिया. बच्चों की मौत हो गई, वहीं महिला की जान बच गई है. इस बारे में पता चला तो परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया.
घटना कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव की है. यहां रहने वाले रामबाबू यादव पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया, जिससे तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई. पत्नी की जान बच गई है.
भंगहा गांव के रहने वाले लोरिक यादव के पुत्र रामबाबू यादव का सोमवार की रात अपनी पत्नी ललिता से किसी बात पर विवाद हो गया था. इसके बाद मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे रामबाबू पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला. उसने पत्नी को यह कहकर साथ लिया कि उसे मायके मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव पहुंचा देगा.
लोहियारिया चौक से आगे छवरहिया गांव के पास बरोहिया नहर के नजदीक पहुंचने पर रामबाबू ने पहले पत्नी को नहर में धक्का दे दिया. फिर एक-एक कर तीनों बच्चों को भी बहती नहर में फेंक दिया. ललिता किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई और अपने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: इटावा: चलती ट्रेन से महिला को दिया धक्का, तोड़ा दम, टीटीई पर FIR; नौसेना में है मृतका का पति
इधर मंगलवार की सुबह नहर में एक बच्ची का शव देख ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. पहचान नहीं हो पाई तो पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया. इसी बीच दोपहर बाद नहर से दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद होने से हड़कंप मच गया. दो शव ग्रामीणों की मदद से निकाले गए, जबकि एक शव पुलिस ने बरामद किया.
इसके बाद तीनों बच्चों की पहचान रामबाबू यादव के पुत्र-पुत्रियों के रूप में हुई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी खलबली मच गई. घटना के बाद आरोपी रामबाबू यादव को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि आरोपी पिता की इस करतूत को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है.
aajtak.in