स्टेलेंटिस (Stellantis) ने भारत के लिए अपना रोडमैप तैयार कर लिया है. कंपनी भारतीय बाजार में 4000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. अगले तीन दिनों में कंपनी 12 नए प्रोडक्ट्स को लॉन्च करेगी. ये प्रोडक्ट्स जीप (Jeep) और सिट्रोएन (Citroen) दोनों ही ब्रांड्स के तहत आएंगे. कंपनी ने इस टार्गेट को फास्टलेन 2030 नाम दिया है.
इस फास्टलेन के तहत स्टेलेंटिस भारतीय बाजार में अपनी ग्रोथ को प्लान कर रही है. नए रोडमैप के तहत कंपनी 7 नए प्रोडक्ट्स और 5 मौजूदा प्रोडक्ट्स के अपडेट्स को लॉन्च करेगी. इसमें मल्टीपल सेगमेंट को टार्गेट किया जाएगा. कंपनी एसयूवी, एमपीवी और ए-सेगमेंट हैचबैक के साथ प्रीमियम पिकअप ट्रक सेगमेंट में प्रोडक्ट्स लॉन्च करेगी.
कंपनी ने बताया कि इस प्लान के तहत पहला मॉडल 2027 की दूसरी तिमाही में लॉन्च होगा. नए इन्वेस्टमेंट के साथ स्टेलेंटिस का भारत में कुल निवेश 15 हजार करोड़ रुपये पहुंच जाएगा. इससे पहले कंपनी ने 11 हजार करोड़ रुपये निवेश किए थे. ये निवेश दिखाता है कि कंपनी भारतीय बाजार को लेकर कितना कमिटेड है.
स्टेलेंटिस के मुताबिक, कंपनी 5 प्रोडक्ट्स जीप ब्रांड के तहत और 7 प्रोडक्ट्स सिट्रोएन ब्रांड के तहत लॉन्च करेगी. इससे कंपनी सभी पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट को टार्गेट कर पाएगी. कंपनी का कहना है कि फ्यूचर पोर्टफोलियो में प्रीमियम और मास-मार्केट दोनों ही तरह के कंज्यूमर्स के लिए प्रोडक्ट्स होंगे.
यह भी पढ़ें: 5 लाख लोगों ने खरीदी ये सस्ती SUV... अब नए अवतार में आ रही कार
ऑटोमेकर की प्लानिंग में मल्टी-एनर्जी अप्रोच एक जरूरी पॉइंट है. कंपनी के फ्यूचर मॉडल्स में हमें इंटरनल कंबशन इंजन, हाइब्रिड, प्लग-इन-हाइब्रिड और बैटरी-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन्स का विकल्प मिलेगा. साथ ही कंपनी भारतीय बाजार में लोकलाइजेशन भी बढ़ाएगी.
कंपनी ने 90 परसेंट तक प्रोडक्ट्स को लोकली तैयार करने का टार्गेट रखा है. ये दिखाता है कि कंपनी भारत को एक्सपोर्ट हब के रूप में भी देख रही है. फिलहाल कंपनी 50 देशों में अपने प्रोडक्ट्स को एक्सपोर्ट करती है. फास्टलेन 2030 के तहत कंपनी भारत में बनी गाड़ियों की एक्सपोर्ट में हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है.
यह भी पढ़ें: नए अवतार में आ रही लोगों की पसंदीदा 7-सीटर... मिलेगा SUV जैसा डिजाइन
नए प्रोडक्ट्स की बात करें, तो कंपनी चार नए जीप प्रोडक्ट्स को लॉन्च करेगी. इसमें एक बी-सेगमेंट एसयूवी होगी, जिसका सीधा मुकाबला ब्रेजा, नेक्सॉन और वेन्यू जैसे मॉडल्स से होगा. इसके अलावा एक सी-सेगमेंट एसयूवी, एक डी-सेगमेंट एसयूवी और एक डी-सेगमेंट पिकअप ट्रक होगा.
वहीं सिट्रोएन के तहत कंपनी एक एंट्री लेवल हैचबैक कार, क्रेटा वाले सेगमेंट में एक एसयूवी और इनोवा के टक्कर में एक डी-सेगमेंट एमपीवी लॉन्च करेगी. इसके अलावा जीप के एक प्रोडक्ट को कंपनी अपडेट करेगी. वहीं सिट्रोएन के चार मॉडल्स को कंपनी अपडेट करेगी. हालांकि, कंपनी ने ये नहीं बताया है कि किन मॉडल्स को अपडेट करेगी.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क