YouTuber Sourav Joshi on E20: देश में E20 यानी 20 प्रतिशत इथेनॉल मिले पेट्रोल को लेकर मचा घमासान खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. लोग इस फ्यूल को लेकर तमाम शिकायते कर रहे हैं. कोई कह रहा है गाड़ियों का माइलेज कम हुआ है तो किसी ने कंपोनेंट खराब होने की बात कही है. इसी बीच देश के सबसे बड़े व्लॉगर्स में शामिल सौरव जोशी ने E20 पेट्रोल को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
सौरभ जोशी ने अपनी महंगी Mercedes-Benz SUV के गिरते माइलेज को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि कार की माइलेज अचानक आधे से भी कम हो गया है और अब उन्हें इंजन की सेहत की चिंता सताने लगी है. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
उत्तराखंड के हल्द्वानी से जुड़े मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'रेस विथ ब्रदर्स, कौन जितेगा?' नाम से एक व्लॉग शेयर किया. 4.1 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाले सौरव ने वीडियो में अपनी Mercedes-Benz SUV का लाइव डैशबोर्ड दिखाते हुए कहा कि सिर्फ 48 घंटे के भीतर कार की माइलेज में हैरान करने वाली गिरावट आई है. उन्होंने बताया कि पहले कार 17 किमी प्रतिलीटर तक का एवरेज दिखा रही थी, जो पहले गिरकर 9 किमी/लीटर पर पहुंची और अब सिर्फ 5 किमी/लीटर दिखा रही है.
हालांकि वीडियो में यह साफ नहीं हो पाया कि सौरव कार का ओवरऑल फ्यूल एवरेज बता रहे थे या फिर रियल टाइम माइलेज, जो सड़क, ट्रैफिक और ड्राइविंग स्टाइल के हिसाब से बदलता रहता है.
सौरव जोशी ने दावा किया कि उनकी कार की गिरती माइलेज की सबसे बड़ी वजह इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल है. उन्होंने कहा कि लोकल पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले फ्यूल की वजह से यह समस्या सामने आ रही है. वीडियो में उनके साथ मौजूद उनकी पत्नी और कंटेंट क्रिएटर अवंतिका भट्ट ने भी कहा कि इस कार पर इतना पैसा खर्च किया गया है, लेकिन अब इसकी हालत चिंता बढ़ाने वाली है.
सौरव ने यह भी बताया कि पहले फुल टैंक कराने पर उनकी Mercedes करीब 800 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज दिखाती थी, लेकिन अब वही फुल टैंक सिर्फ 480 किलोमीटर की रेंज दिखा रही है. उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल भरवाने में भी डर लगता है क्योंकि उन्हें चिंता है कि कहीं इंजन को नुकसान न पहुंच जाए. उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास Mercedes की इलेक्ट्रिक G-Wagon भी है, इसलिए उस गाड़ी में इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल की चिंता नहीं रहती.
सौरव जोशी का यह वीडियो सामने आने के बाद उसका क्लिप X और Instagram पर भी तेजी से वायरल हो गया. कई लोग उनकी बात से सहमत नजर आए, जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि रियल टाइम माइलेज को देखकर किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा.
सौरव जोशी का वीडियो वायरल होने के कुछ ही समय बाद Mercedes-Benz ने अपने ग्राहकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की. हालांकि कंपनी ने अपने बयान में सौरव जोशी का नाम नहीं लिया, लेकिन E20 पेट्रोल को लेकर उठ रही चिंताओं पर अपनी बात साफ रखी.
कंपनी ने कहा, "Mercedes-Benz में ग्राहकों की सुरक्षा, वाहनों की विश्वसनीयता और बेहतर परफॉर्मेंस हमारी सबसे बड़ी प्रायोरिटी है. हमारे सभी BS6 पेट्रोल वाहन E20 फ्यूल के साथ पूरी तरह कम्पैटिबल हैं और संबंधित सरकारी एजेंसियों से इसके लिए प्रमाणित भी हैं." इससे साफ है कि, मर्सिडीज बेंज के सभी BS6 वाहन मौजूदा इथेनॉल ब्लेंडेड E20 पेट्रोल पर चलने के लिए डिजाइन और टेस्ट किए गए हैं. ऐसे में ग्राहकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
भारत सरकार पूरे देश में E20 पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है. सरकार का कहना है कि इससे कार्बन उत्सर्जन कम होगा और इंपोर्टेड फ्यूल पर डिपेंडेंसी कम होगी. इससे देश के किसानों को आर्थिक लाभ होगा और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी. हालांकि, सरकार यह भी कह रही है कि, इससे माइलेज में थोड़ी गिरावट संभव है लेकिन वाहनों को इससे कोई नुकसान नहीं होगा.
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने E20 पेट्रोल से इंजन खराब होने के दावों को पहले ही खारिज किया है. उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया पर इस तरह की कई बातें बिना ठोस सबूत के फैलाई जा रही हैं. उनका कहना है कि E20 पेट्रोल की वजह से किसी कार के इंजन में खराबी आने का कोई पुख्ता प्रमाणित मामला सामने नहीं आया है और इस तरह के दावों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. गडकरी ने खुले तौर पर आलोचकों को चुनौती दी है कि, यदि E20 पेट्रोल से कोई भी गाड़ी खराब हुई है तो उसका नाम बताएं.
इससे पहले बिहार के चर्चित यूट्यूबर और जन सुराज पार्टी के नेता मनीष कश्यप ने भी अपनी नई Toyota Innova Hycross को लेकर E20 पेट्रोल पर सवाल उठाए थे. मनीष ने बाकायदा दो अलग-अलग वीडियो पोस्ट कर दावा था कि, इथेनॉल ब्लेंडेड E20 पेट्रोल के चलते उनके वाहन का माइलेज घट गया है और कार के कंपोनेंट को भी भारी नुकसान हुआ है. हालांकि इस मामले में टोयोटा ने कहा था कि, ऐसा दुषित पेट्रोल (Contaminated Petrol) की वजह से हुआ है, न की इथेनॉल ब्लेंडेड E20 पेट्रोल से.
आज तक सौरव जोशी के वीडियो में किए गए दावों की पुष्टी नहीं करता है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क