scorecardresearch
 

'लड़ाई दोनों के लिए नुकसानदेह...', टैरिफ फैसले के बाद चीन की US को चेतावनी

चीन ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ संबंधी फैसले का पूरा आकलन करने की बात कही है. साथ ही वॉशिंगटन से एकतरफा टैरिफ हटाने की अपील की और चेतावनी दी कि दोनों देशों के बीच लड़ाई नुकसानदेह है. अदालत की ओर से कई टैरिफ रद्द किए जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सभी देशों से आयात पर पहले 10% और फिर 15% नया टैरिफ लगाने की घोषणा की है.

Advertisement
X
 चीन ने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखेगा और अपने हितों की रक्षा करेगा. (File Photo: Reuters)
चीन ने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखेगा और अपने हितों की रक्षा करेगा. (File Photo: Reuters)

अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ संबंधी फैसले के बाद चीन ने कहा है कि वह इस निर्णय का 'पूरी तरह आकलन' कर रहा है. चीन ने वॉशिंगटन से अपने व्यापारिक साझेदारों पर लगाए गए 'एकतरफा टैरिफ' हटाने की अपील की है. साथ में यह चेतावनी भी दी है कि दोनों देशों के बीच टकराव नुकसानदेह है.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप ने लगाया 15% टैरिफ

चीन के वाणिज्य मंत्रालय की यह टिप्पणी सोमवार को आई. कुछ दिन पहले अमेरिका की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका देते हुए वैश्विक व्यापार युद्ध के तहत लगाए गए कई टैरिफ रद्द कर दिए थे, जिनमें चीन पर लगाए गए कुछ टैरिफ भी शामिल थे.

फैसले के कुछ घंटों के भीतर ट्रंप ने घोषणा की कि मंगलवार से सभी देशों से अमेरिका में आने वाले आयात पर 10 प्रतिशत नया टैरिफ लगाया जाएगा, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया. यह कदम उनके अपने कुछ अधिकारियों के लिए भी अप्रत्याशित बताया गया.

'दोनों देशों के बीच टकराव नुकसानदेह'

चीनी मंत्रालय ने कहा, 'अमेरिका के एकतरफा टैरिफ अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों और अमेरिकी घरेलू कानून का उल्लंघन करते हैं और किसी भी पक्ष के हित में नहीं हैं.' मंत्रालय ने यह भी कहा कि चीन और अमेरिका के बीच सहयोग दोनों के लिए फायदेमंद है, जबकि टकराव नुकसान पहुंचाता है.

Advertisement

चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि चीन स्थिति पर करीबी नजर रखेगा और अपने हितों की दृढ़ता से रक्षा करेगा. मार्च के अंत और अप्रैल की शुरुआत में ट्रंप की प्रस्तावित चीन यात्रा से पहले व्यापार और टैरिफ दोनों देशों के एजेंडे में प्रमुख रहने की उम्मीद है. इस दौरान ट्रंप अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे.

ट्रंप ने पहली बार इस्तेमाल किया सेक्शन 122

ट्रंप की ओर से प्रस्तावित नए टैरिफ सेक्शन 122 नामक एक अलग और अब तक अप्रयुक्त कानून के तहत आधारित हैं, जो अधिकतम 15 प्रतिशत टैरिफ की अनुमति देता है, लेकिन 150 दिनों के बाद इसे जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी. अब तक किसी राष्ट्रपति ने सेक्शन 122 का इस्तेमाल नहीं किया है और इसके उपयोग पर आगे कानूनी चुनौतियां भी आ सकती हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement