scorecardresearch
 

सीजफायर कुछ घंटे भी नहीं टिका? UAE-कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन अटैक, ईरान में भी बड़ा धमाका

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का कहना है कि ईरान की ओर से अभी भी मिसाइलें दागी जा रही हैं. यूएई ने कहा कि वह ईरान की ओर से आने वाली मिसाइलों की बौछार को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई कर रहा है.

Advertisement
X
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर हुआ है. (Photo:AP)
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर हुआ है. (Photo:AP)

अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से जारी जंग के बाद बुधवार सुबह सीजफायर का ऐलान किया गया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अपील के बाद दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमति बनी है. लेकिन लगता है कि यह सीजफायर एक दिन भी नहीं टिक पाया.

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का कहना है कि ईरान की ओर से अभी भी मिसाइलें दागी जा रही हैं. यूएई ने कहा कि वह ईरान की ओर से आने वाली मिसाइलों की बौछार को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई कर रहा है.

यूएई का कहना है कि उनका एयर डिफेंस ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए सक्षम हैं. यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब कुछ ही घंटों पहले ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम हुआ था. हालांकि, यूएई ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हमला किस जगह पर हो रहा है.

कुवैत की सेना ने कहा कि सुबह आठ बजे से ईरानी ड्रोन हमलों से निपटा जा रहा है. सेना ने बताया कि उसने कई ड्रोन को मार गिराया, जिनमें से कुछ दक्षिणी क्षेत्र में महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठानों और बिजली स्टेशनों को निशाना बना रहे थे, जिससे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है. 

Advertisement

वही, ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने लावन रिफाइनरी में विस्फोट की खबर दी. ईरान के लावन आईलैंड पर एक तेल रिफाइनरी में बड़ा धमाका हुआ है. सीजफायर के बाद ईरान में धमाके की ये पहली घटना है. अभी विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है.

लेबनान में सीजफायर नहीं?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऑफिस की ओर से स्पष्ट कहा गया कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह का सीजफायर समझौता लेबनान में लागू नहीं होगा. इस सीजफायर को हिज्बुल्लाह के खिलाफ लागू नहीं किया जाएगा. इससे साफ है कि लेबनान में इजरायली बलों की ओर से हमले जजारी रहेंगे.

नेतन्याहू के ऑफिस की ओर से कहा गया कि इजरायल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ईरान पर दो हफ्ते के लिए हमले स्थगित करने के फैसले का समर्थन करता है, बशर्ते ईरान तुरंत होर्मुज खोल दे और अमेरिका, इजराइल और क्षेत्र के अन्य देशों पर सभी हमले बंद कर दे.

इस बयान में कहा गया कि इजरायल, अमेरिका के उन प्रयासों का भी समर्थन करता है, जिनसे ये सुनिश्चित किया जा सके कि ईरान अब अमेरिका-इजरायल के साथ-साथ खाड़ी के बाकी देशों पर हमला नहीं करे.

बता दें कि बुधवार सुबह अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 40 दिन से चल रही जंग पर सीजफायर हुआ है. इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर 15 दिनों के लिए हमला नहीं करने पर सहमति जताई है.

Advertisement

इस सीजफायर के बाद ट्रंप ने इसे विश्व शांति के लिए बड़ा दिन बताते हुए कहा था कि ईरान अब संघर्ष से थक चुका है और शांति चाहता है. साथ ही अन्य पक्ष भी तनाव खत्म करने के पक्ष में हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को संभालने में मदद करेगा, ताकि व्यापार और सप्लाई सामान्य बनी रहे.

ट्रंप ने दावा किया कि आने वाले समय में कई सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे और इससे आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी. ईरान अब अपने देश के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर सकता है. अमेरिका इस दौरान सप्लाई उपलब्ध कराएगा और हालात पर नजर बनाए रखेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement