scorecardresearch
 

इधर पुतिन से मिलने चले शहबाज, उधर अफगानिस्तान से लड़ाई पर रूस ने कह दी ये बात

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 3 से 5 मार्च 2026 के बीच रूस की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं. शहबाज शरीफ का यह दौरा अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष के बीच हो रहा है, जिसमें दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई और जवाबी हमले शामिल हैं. शहबाज के दौरे से पहले रूस ने अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान की लड़ाई पर प्रतिक्रिया दी है.

Advertisement
X
अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान की लड़ाई पर रूस ने प्रतिक्रिया दी है (File Photo: Reuters)
अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान की लड़ाई पर रूस ने प्रतिक्रिया दी है (File Photo: Reuters)

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 3 से 5 मार्च 2026 के बीच रूस की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं. शहबाज शरीफ का यह दौरा ऐसे वक्त में होने वाला है जब अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच जंग जारी है और दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं. ऐसे में शहबाज शरीफ का रूस दौरा बेहद अहम होने वाला है.

पाकिस्तान के एक आधिकारिक सूत्र के हवाले से रूस की न्यूज एजेंसी RIA ने बताया कि शरीफ 3-5 मार्च के बीच रूस के दौरे पर होंगे. क्षेत्रीय तनाव के बीच शरीफ का यह दौरा राजनयिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अहम माना जा रहा है.

शहबाज शरीफ अपने रूस दौरे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे, बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे. बताया जा रहा है कि शहबाज शरीफ रूसी राष्ट्रपति से ऊर्जा, व्यापार, रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

शहबाज शरीफ के दौरे से पहले अफगानिस्तान के साथ लड़ाई पर क्या बोला रूस?

पाकिस्तान ने शुक्रवार रात अफगानिस्तान पर हमले शुरू कर दिए हैं. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और कंधार पर पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक की जिसके बाद अफगान सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के साथ खुले जंग का ऐलान कर दिया है. दोनों देशों के बीच छिड़ी इस लड़ाई पर ईरान समेत कई देशों की प्रतिक्रिया सामने आई है जिसमें रूस भी शामिल है.

Advertisement

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा है कि रूस अफगानिस्तान और पाकिस्तान से लड़ाई छोड़कर बातचीत की टेबल पर लौटने का आग्रह करता है.

जखारोवा ने कहा, 'इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान के बीच सशस्त्र झड़पों में तेज बढ़ोतरी को लेकर हम चिंतित हैं. दोनों पक्ष लड़ाई में रेगुलर सेना के यूनिट्स, विमान और भारी हथियार इस्तेमाल कर रहे हैं. दोनों तरफ से लोगों की जानें गई हैं जिनमें नागरिक भी शामिल हैं. हम अपने मित्र देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान से अपील करते हैं कि वो लड़ाई से बचें और सभी मतभेदों को राजनीतिक व कूटनीतिक तरीकों से सुलझाने के लिए बातचीत की टेबल पर लौटें.'

दोनों तरफ हो रहा जान-माल का नुकसान

शुक्रवार देर रात पाकिस्तान के हमलों को लेकर अफगानिस्तान ने कहा है कि वो पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के जवाब में सैन्य अभियान चला रहा है. वहीं, पाकिस्तान ने बताया कि पाकिस्तानी कार्रवाई के दौरान 130 से अधिक अफगान सैनिक मारे गए और लगभग 80 सेना की गाड़ियां नष्ट कर दी गई हैं.

27 फरवरी की सुबह अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं. उन्होंने जानकारी दी कि अफगान सैनिकों ने दो ठिकानों और 19 सीमा चौकियों को अपने कंट्रोल में ले लिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement